Thursday , September 19 2024

विवेकानंद सनातन संस्कृति समिति : भव्य दीप यज्ञ संग होगा भारतीय नववर्ष का आगाज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विवेकानंद सनातन संस्कृति समिति के संयोजन और अखिल विश्व गायत्री परिवार के सहयोग व मार्गदर्शन में भारतीय नव वर्ष महोत्सव एवं दीप यज्ञ का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, निराला नगर में किया जाएगा। भारतीय नववर्ष की पूर्व संध्या पर 8 अप्रैल को सांय 5 से होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताएं व लकी ड्रा भी होगा।

शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन के मुख्य संयोजक अभिषेक खरे ने बताया कि गायत्री तीर्थ शांति कुंज, हरिद्वार की विशिष्ट टोली दीप यज्ञ कार्यक्रम को संचालित करेगी। भव्य और दिव्य दीपयज्ञ में दैवीय शक्तियों की उपस्थिति होगी। उन्होंने बताया कि दीप दान के अलौकिक अवसर पर महा आरती के समय 108 देवकन्या आरती आरती करेंगी और 108 युवा शंखनाद करेंगे। यह सभी युवा भारतीय परिधान (सनातनी) धारण किये सजी हुई आरती थाली, शंख के साथ उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदू समाज की एकता और एकजुटता का संदेश मात्र ही नही बल्कि हमारे परिवारों में संस्कार, साधना, समर्पित सहभागिता बनाना है। आयोजन में व्यापारिक क्षेत्र तथा सामाजिक क्षेत्र के लगभग 2000 से अधिक परिवार उपस्थित होकर राष्ट्र की सुख, संपन्नता तथा समृद्धि के लिए अपने पूरे परिवार की ओर से 31000 दीपों से दीप यज्ञ संपन्न करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

नव वर्ष महोत्सव में महिलाओं तथा बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं होंगी। जिसमें बच्चों द्वारा मंत्र तथा श्लोक उच्चारण, भारतीय वेशभूषा में फैशन शो, भारतीय संस्कृति पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, फूलों की होली इत्यादि शामिल हैं। आयोजन में लकी ड्रा का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें लकी ड्रॉ द्वारा पुरस्कार वितरण किया जाएगा। जिसमें 32 इंच एलइडी टीवी, माइक्रोवेव ओवन, मिक्सर ग्राइंडर, फूड प्रोसेसर समेत 100 से अधिक सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 

प्रेसवार्ता में मुख्य संयोजक अभिषेक खरे के साथ आयोजक कमेटी के राजेंद्र अग्रवाल, सुनील वैद्य, जितेंद्र सिंह चौहान, विमर्श कुमार रस्तोगी, संजय दयाल, अमित अग्रवाल उपस्थित रहे।