Friday , October 18 2024

PHD चैम्बर ऑफ कॉमर्स : “वीबा” के सम्मेलन में महिलाओं को सशक्त बनाने पर की चर्चा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। PHD चैम्बर ऑफ कॉमर्स यूपी चैप्टर की महिला सदस्यों के व्यावसायिक गठबंधन “वीबा” का शुक्रवार को प्रथम सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें महिलाओं को सशक्त बनाने पर चर्चा की गई। “वीबा” (वुमन इन बिजनस अलाइन्स) समूह उत्तर प्रदेश के PHD चैम्बर ऑफ कॉमर्स की एक उप समिति है। जिसके सदस्यों ने लखनऊ के PHD हाउस में एकत्र होकर महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके उद्यमों से संबंधित उत्पादों और सेवाओं को जिला से राज्य, राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के बारे में चर्चा की।

बैठक की मुख्य अतिथि डा. श्रद्धा शुक्ला (निदेशक ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश) ने महिलाओं के उद्यमों मे आने वाली समस्याओं को सरकार एवं संगठन की सामूहिक भागीदारी की सहायता से निराकरण करने पर बल दिया। “वीबा” की अध्यक्षा कविता निगम, सह अध्यक्षा शिखा सिन्हा, अतुल श्रीवास्तव (निदेशक, PHDCCI यूपी चैप्टर), फैशन डिजाइनर असमा हुसैन, हिना शिराज, सिम्मी शाह, रीना भार्गव सहित अन्य महत्वपूर्ण सदस्य शामिल हुए।

बैठक में महिलाओं के उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने के लिए नई और अधिक ऊर्जा देने के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। समूह ने महिलाओं को उनके क्षेत्र में सशक्त बनाने और उनके उत्पादों की विपणन में सहायता प्रदान करने के लिए नए कार्यक्रमों की योजना बनाई।

वीबा की अध्यक्षा कविता निगम ने कहाकि “हमें महिलाओं के उत्पादों और सेवाओं को स्थानीय से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए एक मजबूत रणनीति की आवश्यकता है  ताकि हमारे समूह के सदस्य अपने व्यवसाय को विश्व स्तर पर प्रमोट कर सकें।”

यह बैठक महिलाओं के उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो महिलाओं के वित्तीय स्वतंत्रता और सामाजिक स्थिति में सुधार लाने में मदद करेगा।