Thursday , September 19 2024

BBD : प्रतियोगिताओं संग प्रौद्योगिकी के विकास में गणित की भूमिका पर डाला प्रकाश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज द्वारा अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस (आईडीएम) मनाया गया। यह कार्यक्रम बीबीडी एजुकेशनल ग्रुप की चेयरपर्सन अलका दास गुप्ता एवं बीबीडी ग्रुप के प्रेसिडेंट विराज सागर दास की प्रेरणा एवं बीबीडीयू के वाइस चांसलर डॉ. एके मित्तल के मार्ग दर्शन से हुआ। अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस हर वर्ष 14 मार्च को विश्वव्यापी उत्सव के रूप में मनाया जाता है जिसकी शुरुआत यूनेस्को ने 26 मार्च, 2019 को अपने सामान्य सम्मेलन के 40वें सत्र में की थी। यह दिन हमें गणित में हुए शोध पर की गई चर्चा एवं गणितज्ञों की सराहना के साथ साथ हमारे जीवन में सभी प्रकार की उन्नति और विकास के साथ विज्ञान और तकनीक में गणित की उपयोगिता के बारे में जागरूक करता है। इसका उद्देश्य रचनात्मकता को जगाने के साथ ही गणित और सभी प्रकार के क्षेत्रों, अवधारणाओं और विचारों के बीच संबंधों पर प्रकाश डालना है। पहले इस तिथि को कई देशों में पाई दिवस के रूप में मनाया जाता था क्योंकि इसके अंक 3 और 14 गणित में सबसे प्रसिद्ध स्थिर संख्या पाई के अनुमानित मूल्य से संबंधित थे।

अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस 2024 का विषय “प्लेइंग विथ मैथ” घोषित किया गया था। यह विषय एक रचनात्मक चुनौती पेश करता है, वह है गणित को रोजमर्रा की किसी चीज़ या स्थान से जोड़ना। अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर, स्कूल ऑफ बेसिक में साइंस के क्लब ने कार्यक्रमों की घोषणा की। जिसमें मैथ रीमिक्स क्रिएटिव चैलेंज – एक पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता, अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस 2024 की थीम पर एक मौखिक प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में 45 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से गणित की शक्ति और सुंदरता और विशेष रूप से हमारे चारों ओर इसकी उपस्थिति को देखा। मौखिक प्रस्तुति प्रतियोगिता में आकांक्षा भट्ट एवं पोस्टर प्रतियोगिता में स्वर्णिम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को छात्र कल्याण अधिष्ठाता, बीबीडीयू, डॉ. एसएमके रिजवी ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के डीन डॉ. एस अहमद अली ने अपने संबोधन में आज प्रौद्योगिकी के विकास में गणित की भूमिका पर प्रकाश डाला।