Friday , September 20 2024

देश की तरक्की में कायस्थ परिवार का अहम योगदान : राजनाथ सिंह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री के रूप में, मुख्यमंत्री के रूप में और अब लखनऊ के सांसद व केंद्रीय रक्षामंत्री के रूप में मैंने अपने दायित्व का निर्वाह किया है। भगवान चित्रगुप्त महाराज के नाम पर एक ब्रिज का नामकरण किया गया है। बड़ा ब्रिज था, मेरी आस्था, श्रद्धा की अभिव्यक्ति थी तो मैंने कहा कि ब्रिज का नाम भगवान चित्रगुप्त के नाम पर किया जाना चाहिए। कायस्थ समाज प्रबुद्ध जन माना जाता है और समाज में विभिन्न वर्गों में एकमात्र ऐसा वर्ग है जो कलम और दवात की पूजा करता है। चौक स्थित अटल बिहारी वाजपेई कन्वेंशन सेंटर में कायस्थ परिवार द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में उक्त बातें बतौर मुख्य अतिथि मौजूद केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कही।

उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे भारत में बौद्धिक क्षेत्र में, जिस समय आजादी का संघर्ष चल रहा था उस समय भी इस समाज के दिग्गजों ने बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया है। भारत देश को आगे ले जाने में भी कायस्थ परिवार का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कायस्थ परिवार के बहुत से ऐसे नौजवान हैं जो मेरे पास आते हैं, नए-नए अनुसंधान एवं नई-नई खोज करते हैं, इन्नोवेटिव आईडियाज पर काम करते हैं। 

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कायस्थ परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सृष्टि की उत्पत्ति से कायस्थ समाज ने सनातन संस्कृति में अपनी अमिट छाप छोड़ने का काम किया है। आज हम कह सकते हैं दुनिया में जितने भी सनातन धर्म को मानने वाले घर परिवार है जितनी भी बड़ी संस्थाएं हैं या जितने भी बड़े उद्योग हैं या जितने भी बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान है उनकी सफलता के पीछे कायस्थ समाज का हाथ है। समाज ने अपनी संघर्षों के बदौलत यह मुकाम प्राप्त किया है अपनी मेहनत के बदौलत समाज में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त पूरी सनातन संस्कृति का लेखा-जोखा रखने का काम करते हैं और उनके पास स्वर्ग और नरक का भी विभाग है। वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त कर्म एवं परोपकार के संदेश वाहक हैं।

कार्यक्रम संचालक अभिषेक खरे ने लखनऊ में नवनिर्मित कुकरैल फ्लाई ओवर का नाम भगवान चित्रगुप्त महाराज के नाम पर किए जाने पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह जी का कायस्थ परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में हृदय नारायण श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा व रामचंद्र प्रधान के अलावा उमेश श्रीवास्तव, ओपी श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव अज्जू, संतोष श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव, अभिषेक खरे ,संजीव, पंकज सक्सेना, त्रिलोक चंद्र अधिकारी, रमन निगम, अंजनी श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, जोशना श्रीवास्तव वीरेंद्र कुमार सहित काफी संख्या में कायस्थ परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।