Thursday , September 19 2024

विज्ञान फाउंडेशन : श्रमिकों को इंडिया लेबर लाइन के प्रति कर रहें जागरूक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ में विज्ञान फाउंडेशन द्वारा इंडिया लेबर लाइन का संचालन किया जा रहा है। इंडिया लेबर लाइन के तहत एक हेल्पलाइन 18008339020 नंबर जारी किया गया है। कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 6 जिलों में सघन रूप से मजदूर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

इंडिया लेबर लाइन के स्टेट कोऑर्डिनेटर गुरु प्रसाद ने बताया कि मजदूर जागरूकता अभियान का संचालन लखनऊ में 2 टीम बनाकर किया जा रहा है। 1 टीम लेबर अड्डों पर खड़े होने वाले श्रमिको के बीच प्रचार प्रसार का काम कर रही है तथा दूसरी टीम औद्योगिक क्षेत्र में कैंप लगाकर श्रमिको को जागरूक करने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि लखनऊ के साथ ही कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मुरादाबाद तथा अलीगढ़ में  अलग अलग टीम के द्वारा मजदूर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत लेबर अड्डों पर खड़े होने वाले श्रमिको को न्यूनतम मजदूरी तथा मजदूरी भुगतान के साथ  ओवर टाइम के बारे में पर्चा, पोस्टर व विजिटिंग कार्ड के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। जानकारी मिलते ही श्रमिको के फोन लेबर लाइन पर आना शुरू हो गए है।

लेबर लाइन से अमर सिंह ने बताया कि अगर कोई श्रमिक किसी समस्या में है तो हेल्प लाइन की मदद ले सकता है। जैसे किसी श्रमिक की मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ हो या कम भुगतान हुआ हो, इसके साथ अगर न्यूनतम मजदूरी न मिल रही हो, कार्यस्थल पर चोट लगने या बड़ी दुर्घटना होने पर मुआवजा न मिल रहा हो। इसके साथ ईपीएफ या ईएसआईसी से जुड़ी समस्या पर कोई भी श्रमिक हेल्पलाइन नंबर 18008339020 पर सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक अपनी शिकायत पंजीकृत करवा सकते है।

अभियान टीम में अलीगढ़ के तरुण सिंह ने बताया कि हम लोग सुबह लेबर अड्डों पर प्रचार प्रसार करते है इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र में कैंप लगाते है। डेविड ने बताया कि कानपुर में 17 लेबर अड्डे है, जहां मजदूरों की सबसे बड़ी समस्या बकाया मजदूरी की है। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिको से ओवर टाइम करवाया जाता है लेकिन उसके नियमानुसार उनको मजदूरी नहीं मिल पाती है।