Friday , September 20 2024

लखनऊ उत्तर : फैजुल्लागंज में 50 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय के निर्माण कार्य का शुभारंभ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर क्षेत्र के फैजुल्लागंज में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए 50 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय के भवन निर्माण का काम शुरु हुआ। गुरुवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा एवं क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने फैजुल्लागंज के दाऊदनगर में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भूमि पूजन कर चिकित्सालय निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहाकि फैजुल्लागंज नई बसावट वाला क्षेत्र है जहां दूर दूर तक कोई बड़ा अस्पताल नहीं है। सरकार ने इस क्षेत्र की सुधी ली है और यहां बलरामपुर चिकित्सालय और मेडिकल कालेज जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त अस्पताल की नींव रखी जा रही है। इस अस्पताल से लखनऊ उत्तर के अतिरिक्त बख्शी का तालाब और काकोरी आदि क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। लोकभाषा अवधी में संवाद स्थापित करते हुए श्री पाठक ने कहा कि लखनऊ के चतुर्मुखी विकास का जो सपना अटल जी ने देखा था उसे साकार करने का काम राजनाथ सिंह ने किया है। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से समय सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि पचास बेड का यह अस्पताल इस क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी सौगात है क्योंकि बीमारियां सबसे पहले फैजुल्लागंज क्षेत्र में ही दस्तक देती थीं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में जल निकासी के लिए 45 करोड़ की लागत से 9 किमी नाला बन रहा है। सड़कें और नालियां बन रही हैं। नया बिजलीघर बन चुका है। फैजुल्लागंज के सारे संकट कटने का समय आ गया है।

एमएलसी मुकेश शर्मा ने कहा कि सरकार विकास को संकल्पित है। लखनऊ में लगभग 50 हजार करोड़ की योजनाएं गतिमान हैं। लगभग 6000 करोड़ की आऊटर रिंग परियोजना पूरी हो गई है जिसका शीघ्र लोकार्पण होगा।

इस मौके पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, महामंत्री रामऔतार कन्नौजिया, मण्डल अध्यक्ष रामशरण सिंह, राकेश पांडेय, रमन निगम, विशाल गुप्ता, लवकुश त्रिवेदी, पार्षद रामू दास कन्नौजिया, पृथ्वी गुप्ता, प्रदीप शुक्ला, अवधेश त्रिपाठी, स्वदेश सिंह, मान सिंह यादव, सीबी सिंह, पार्षद प्रतिनिधि अंकुश बाजपेई, सौरभ तिवारी, वरिष्ठ नेता विनोद बाजपेई, रामकिशोर चौबे, सुनील सिंह, सतीश वर्मा, गुड़िया निगम, नम्रता सिंह, अजीत श्रीवास्तव आदि के साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज अग्रवाल व स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, कार्यदायी संस्था के अधिकारी व स्थानीय जन उपस्थित रहे। संचालन डा. पंकज श्रीवास्तव ने किया।