नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान 16 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेश के 195 सीटों के लिए बीजेपी उम्मीदवार के नामों को मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गांधीनगर, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा, “195 में से 28 हमारी मातृ शक्ति है, 50 से कम उम्र वाले 47 युवा उम्मीदवार, अनुसूचित जाति 27, अनुसूचित जनजाति 18, पिछड़ा वर्ग के 57 उम्मीदवार है।”




विनोद तावड़े ने कहाकि उत्तर प्रदेश से 51, पश्चिम बंगाल से 26, मध्य प्रदेश 24 , गुजरात से 15, राजस्थान से 15, केरल से 12, तेलंगाना से 9, असम की 14 में से 11 , झारखंड से 11 , छत्तीसगढ़ से 11, दिल्ली से 5 , जम्मू कश्मीर से 2, उत्तराखंड से 3 ,अरूणाचल प्रदेश 2, गोवा से 1 , त्रिपुरा 1, अंडमान-निकोबार से 1 और दमन दीव से 1 सीट की घोषणा की गई है।




भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा, “पिछले 1 दशक से निरंतरता के साथ विकास के प्रति समर्पित प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास, इस मंत्र के साथ एक सेवा की अद्भूत मिसाल देश में ही नहीं बल्कि विश्व पटल पर प्रस्तुत की है।”





भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से, बिष्णु पदा रे अंडमान और निकोबार से, केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू अरुणाचल पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। अरुणाचल पूर्व से भाजपा सांसद तापिर गाओ चुनाव लड़ेंगे, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। अमित शाह गांधीनगर से और मनसुख मंडाविया पोरबंदर से चुनाव लड़ेंगे।