Thursday , September 19 2024

देश का भविष्य आज की नारी शक्ति व युवा पीढ़ी है : जयवीर सिंह

पर्यटन मंत्री ने किया समर्पण इंस्टीट्यूट में तीन दिवसीय आत्मरक्षा कार्यशाला का शुभारम्भ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला सशक्तिकरण के लिए केन्द्र एवं राज्य द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से नारी शक्ति को जोड़ रहे हैं। जिसका नतीजा है कि आज की भारतीय नारी जीवन के हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है और देश को विकसित भारत बनाने के लिए अपना श्रेष्ठ योगदान प्रदान कर रही है। चिनहट के देवा रोड पर स्थित समर्पण इन्स्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में आयोजित “हे श्रीराम” पर गोष्ठी व तीन दिवसीय आत्मरक्षा कार्यशाला का शुभारंभ करने के बाद उक्त बातें बतौर मुख्य अतिथि मौजूद उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहीं। उन्होंने कहाकि इस संस्थान की प्रत्येक छात्रा में नारी शक्ति है और देश का भविष्य आज की नारी शक्ति है। 

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहाकि आज का दौर जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का है। चन्द्रयान की सफल लैन्डिंग के बाद प्रधानमंत्री ने इस श्रृंखला में जय अनुसंधान को भी जोड़ दिया है। अब भारत अमृतकाल के समय से गुजर रहा है। इस समय विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन चुका है शीघ्र ही देश के विकसित राष्ट्रों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज का भारत एक नया भारत है, जिसकी धमक पूरे विश्व में सुनी जा रही है। कला से लेकर विज्ञान तक हर क्षेत्र में भारत का झंडा लहरा रहा है। 

पर्यटन मंत्री ने कहा कि पश्चिम के लोग भारत को सपेरों का देश कहते थे, अब वहीं भारत आज पूरी दुनिया को शान्ति का संदेश देते हुए हर क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान कर रहा है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर के लोकार्पण के बाद उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भारी बदलाव आने की सम्भावना है। इससे अयोध्या के आस-पास के 06 जनपदों का पूरा आर्थिक परिदृश्य बदल जायेगा। राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन पर विशेष जोर दे रही है। रेल, वायु, जल तथा सड़क की कनेक्टीविटी बढ़ाई गयी है। पिछले लगभग एक सप्ताह में ही अयोध्या में लगभग 21 लाख श्रद्धालु आ चुके हैं। यह संख्या निरन्तर बढ़ती जा रही है।

कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहाकि भारत की पहचान, हमारी संस्कृति राम है। चौदह वर्ष के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने के अयोध्या वासियों ने दीपोत्सव मनाया था। वहीं सैकड़ो वर्षों बाद 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम अपने घर में वापस आये तो अयोध्या सहित पूरे देश में दीपोत्सव मनाया गया। हिंदुस्तान ऐसा देश है जो प्रभु श्रीराम की कृपा से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भारत अपनी मूल विरासत व संस्कृति को संरक्षित करते हुए विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर हो रहा है। वहीं उभरता हुआ यूपी भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रामराज्य का मतलब है कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों को समझे और अपने कर्तव्यों का निर्वाह करे। जिस दिन हम प्रभु श्रीराम के चरित्र को अपने जीवन में उतार लेंगे उस दिन सभी कष्ट व कलेश दूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत का निर्माण करना युवाओं के कंधों पर है। देश को विकसित बनाने में वर्तमान पीढ़ी की भूमिका अहम होगी। यही पीढ़ी भारत का भविष्य तय करेगी।

पर्यटन मंत्री ने समर्पण अस्पताल का भ्रमण किया और यहां भर्ती मरीजों को फल वितरित करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके पश्चात अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक योगेश शुक्ला, अस्पताल के संचालक मनीष मिश्रा एवं आशीष दूबे भी मौजूद थे। इसके पश्चात निर्मल ऑडीटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में संस्थापक डॉ. आरएस दूबे ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य महानुभावों का स्वागत किया।

संस्थान के संस्थापक डा. आरएस दुबे ने कहाकि भव्य मंदिर में जब से प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है, धर्म व संस्कृति के प्रति भाव बढ़ गया है। हमारा सनातन धर्म एक सास्वत धर्म है जो न कभी नष्ट हुआ था और न ही कभी नष्ट होगा। आज के इस युग में किसी भी पूजन के पश्चात कहते है कि विश्व का कल्याण हो। जबकि किसी और धर्म मे ऐसा नही है।  उन्होंने सभी स्टूडेंट्स व टीचर्स से कहाकि अब वह गुड मॉर्निंग, गुड इवनिंग नहीं बल्कि एक दूसरे को जय श्रीराम बोले।

दूरदर्शन के निदेशक आत्म प्रकाश मिश्रा ने कहाकि 500 वर्षों की कठिन तपस्या के पश्चात भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण हुई है। जिससे आज भारत का प्रत्येक सनातनी सनातन के बारे में निःसंकोच बात कर सकता है और अपने समाज तथा परिवार को सनातन के बारे में बता सकता है।

वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र भदौरिया ने कहाकि श्रीराम मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रभु श्रीराम के गर्भ गृह में जाने पर एक अलौकिक शक्ति की अनुभूति होती है। प्रतिष्ठा के पश्चात भगवान की मूर्ति में एक परिवर्तन देखने को मिला जिसमें प्रभु राम के चेहरे पर अलग ही मुस्कुराहट प्रतीत होती है।

विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक योगेश शुक्ला ने बताया कि उनके क्षेत्र से लाखों की संख्या में भक्तों को अयोध्या आने-जाने का निःशुल्क प्रबंध किया गया। संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शुक्ला ने मुख्य अतिथि एवं समस्त गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।  

इस मौके पर विशेष अतिथि पुनीत अवस्थी (निदेशक डॉ. आशा स्मृति महाविद्यालय), प्रो. प्रीति पाण्डेय (आत्मरक्षा प्रशिक्षक), हरिओम शुक्ला सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।