Thursday , September 19 2024

विज्ञान फाउंडेशन : कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे सो रहे बेघरों को पहुंचाया आश्रय गृह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा नगर निगम व डूडा के सहयोग से संचालित आश्रय गृह देवा रोड नहर पुलिया का संचालन किया जा रहा है। कड़ाके की ठंडक में कोई भी बेघर साथी खुले आसमान में न सोए इसके लिए आश्रय गृह की तरफ से मोबिलाइजेशन टीम बनाई गई है। टीम के सदस्य आसपास क्षेत्र में खुले आसमान के नीचे सो रहे लोगों को आश्रय गृह लाते है। साथ ही उनको आश्रय गृह द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाती है।

आश्रय गृह के मैनेजर अमर सिंह ने बताया कि टीम के सदस्य अमित कुमार सिंह, लवकुश सिंह, उदय भान, नंद किशोर द्वारा शिवपुरी तथा बाबा हॉस्पिटल के आसपास मोबिलाइजेशन किया गया। अमित कुमार सिंह ने बताया कि लोगो को आश्रय गृह पर दी जाने वाली सुविधाओं  जैसे गर्म भोजन, साफ पीने योग्य पानी, गर्म पानी, चद्दर, तकिया, कंबल के साथ ही समय समय पर स्वास्थ्य कैंप व सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करवाने हेतु श्रमिक पंजीयन कैंप आयोजित किए जाते हैं।

लवकुश सिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान 5 लोगों को बुलाकर आश्रय गृह लाया गया। ये सभी साथी बहराइच जिले से पलायन करके काम की तलाश में आए है। जो निर्माण श्रमिक के रूप में लेबर अड्डे से काम पर जाते है। लेकिन इनको आश्रय गृह के बारे में जानकारी नहीं थी इसलिए खुले में सोने को मजबूर थे।

उन्होंने बताया की ये लोग आने को तैयार नहीं थे, जब इनको बताया गया कि आप लोग निर्माण श्रमिक के रूप में काम करते है। लेकिन आपका पंजीयन उत्तर प्रदेश भवन निर्माण बोर्ड की तरफ से नही है। इसलिए आपको सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ भी नही मिल पाता है। इसलिए अगर आप आश्रय गृह में चलेंगे तो आपको गर्म भोजन के साथ साथ आपका पंजीयन भी श्रम विभाग की तरफ से करवाया जायेगा।