
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सत्य सनातन वेद प्रचार न्यास के तत्वावधान में वैदिक परिवार लखनऊ द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मदर्स प्राइड स्कूल, जानकीपुरम् के प्रांगण में संक्रान्ति उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर 51 कुण्डीय यज्ञ वेदियों पर 1100 यजमानों ने बैठकर वैदिक मन्त्रों से सवा लाख आहूतियां दीं। हवन में गाय का घी और औषधीय हवन सामग्री का प्रयोग किया गया। यज्ञ के पश्चात वैदिक विद्वान आचार्य विश्वव्रत शास्त्री ने कहाकि इस वर्ष अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मांगलिक अवसर पर हो रहे इस आयोजन में सभी अत्यंत उत्साहित हैं।

उन्होंने बताया कि भगवान राम के आदर्शों पर चलकर ही सम्पूर्ण संसार पुनः एक ईश्वर का उपासक बन सकता है। राम जन्मभूमि पर बन रहे स्मारक से प्रेरणा प्राप्त कर पुनः यहां राम, भरत से भाई, सीता सी देवियां, कौशल्या व सुमित्रा जैसी माताएं, दशरथ जैसे पिता, राम जैसे पुत्र, मुनिवर वशिष्ठ जैसे कुलगुरु, महामुनि विश्वामित्र और महर्षि अगस्त्य जैसे शिक्षक, सुग्रीव जैसे मित्र और हनुमान जैसे सेवक होंगे। जिससे हमारा भारत फिर महान बन जगद्गुरु और विश्व सम्राट का गौरव प्राप्त कर सकेगा। सारा संसार राम के आदर्शों की शीतल छाया में सुख शांति का अनुभव करेगा। लौकिक और पारलौकिक उन्नति के समन्वय रूप धर्म का पालन करेगा और फिर वैदिक सनातन धर्म का गौरव गान करेगा।

सर्वमित्र शास्त्री, कविता सहगल, आचार्य प्रियंका शास्त्री व अनुराग शास्त्री ने संगीतमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भाव विभोर किया। अध्यक्ष नवीन सहगल द्वारा संचालन व संरक्षक डॉक्टर सत्यकाम आर्य द्वारा आभार प्रकट किया गया। शांति पाठ के पश्चात् भंडारे का आयोजन हुआ। इस मौके पर भाजपा एमएलसी पवन सिंह चौहान, के अलावा अरविंद गुप्त, विनय कृष्ण पाण्डेय, संतोष त्रिपाठी, संजीव मिश्र, जयन्ती सिंह, देवेन्द्र स्वरूप गुप्त, प्रमिला श्रीवास्तव, अंशुल मिश्रा सहित काफी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal