Sunday , September 8 2024

राममय माहौल में पर्वतीय छटा बिखेरती निकली भव्य शोभायात्रा संग उत्तरायणी कौथिंग का आगाज

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। सबसे आगे प्रभु श्रीराम का रथ, उसके पीछे बाबा बागनाथ की झांकी, नन्दा राजजात यात्रा, महन्त दिव्यागिरी का रथ, पर्वतीय छटा बिखेरती चल पारंपरिक भेषभूषा धारण किये महिलाएं और छोलिया नृत्य का दल। लक्ष्मण पुरी की सड़कों पर रविवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मौका था उत्तरायणी कौथिग के शुभारंभ के मौके पर निकली भव्य शोभायात्रा का। इस दौरान पर्वतीय छटा संग माहौल राममय हो गया।

शोभायात्रा में औली पर्यटन स्थल की झांकी, पूर्णागिरी की झांकी, जागनाथ मन्दिर की झांकी, ग्वेल देवता के मन्दिर की झांकी, यमुनोत्री एवं गंगोत्री की झांकी, कैंची धाम एवं कैलाश मानसरोवर की झांकी, बद्रीनाथ व केदारनाथ की झांकी, धारीदेवी एवं रानीखेत की झांकी, झांकर सैम एवं हाटकालिका मन्दिरों की झांकी, गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी, नेपाली पारंपरिक वेश-भूषा में नृत्य करते हुए क्षेत्रीय शाखाओं के कलाकार के साथ ही भूतपूर्व सैनिकों का दल शामिल था।

कल्याणपुर, गोमतीनगर, सरोजनीनगर, सीतापुर रोड, तेलीबाग व अन्य क्षेत्रों से आये सांस्कृतिक दल महानगर रामलीला मैदान में एकत्रित हुए। जहाँ तहरी भोज के पश्चात शुरू हुई भव्य शोभायात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए गोमा तट पर स्थित सांस्कृतिक उपवन मेला स्थल पहुंची। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, पर्वतीय महापरिषद के मुख्य संयोजक टीएस मनराल, संयोजक केएन चन्दोला, अध्यक्ष गणेश चन्द जोशी, महासचिव महेन्द्र सिह रावत, संरक्षक प्रो. आरसी पंत, एनके उपाध्याय, लाबीर सिह बिष्ट, डीडी नरियाल, उपाध्यक्ष मोहन सिंह मोना, सुमन सिंह रावत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर धार्मिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पं. नारायण दत्त पाठक व अन्य पुरोहितो द्वारा मंत्रोचारण के बीच शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

सांयकालीन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, विशिष्ठ अतिथि डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, राज्यसभा सांसद व पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर दस दिवसीय उत्तरायणी कौथिग का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने वरिष्ठ रंगकर्मी व राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित ललित सिह पोखरिया को उत्तरायणी कौथिग- 2024 के पर्वत गौरव सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, महामंत्री त्रिलोक सिह अधिकारी, पार्षद उमेश सनवाल, पूर्व पार्षद नरेन्द्र देवडी भी उपस्थित रहे। वहीं कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति से पर्वतीय छटा बिखेरी।