Tuesday , September 17 2024

यूपी महोत्सव : कड़ाके की ठंड व बारिश भी न रोक सकी लोगों का उत्साह, उमड़ी भीड़

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मंच पर कलाकारों में उत्साह तो स्टॉलों पर उत्साह के साथ खरीदारी करते लोग। कड़ाके की सर्दी और आसमान में छाए घने बादल के साथ हुई बारिश के बावजूद शुक्रवार को कुछ ऐसा ही नजारा यूपी महोत्सव में देखने को मिला। प्रगति पर्यावरण संरक्षण टेस्ट के तत्वावधान में पोस्टल ग्राउंड अलीगंज में चल रहे यूपी महोत्सव में मंच पर कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं व कविता पाठ से श्रोताओं को खराब मौसम के बावजूद रुकने को मजबूर कर दिया।

गौरवंजली ट्रस्ट द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन का संचालन डॉ. अंजना कुमार और गौरव विवेक ने किया। प्रमुख कवियों में लाल कृष्ण, सरला शर्मा, आसमा, योगेंद्र, विनोद उपाध्याय, अजय तोमर, महेश प्रताप श्रीवास्तव, प्रीतम राही उपस्थित रहे। डॉ. अंजना कुमार ने ‘बेखुदी की हद जब भी पर होगी आशिक सारे भय खाने जाएंगे’, ‘उनकी नज़रें सीसीटीवी जैसी है, मेरी क्या सबकी बीवी ही ऐसी हैं’ सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से पूरे कवि सम्मेलन में श्रोताओं को तालियां बजाने पर विवश किया।

यूपी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में आज हार्ट एंड सोल डांस अकादमी द्वारा नृत्य के एक से बढ़कर एक अनूठे रंग प्रस्तुत किए गए। कोरियोग्राफर अंकित सिंह और वैष्णवी मिश्रा का प्रयास बहुत सराहनीय रहा। राम धुन, पहाड़ी डांस, कत्थक, पंजाबी गीत पर समूह नृत्य तथा सोलो डांस की बहुत ही सुंदर कोरियोग्राफी की गई।

सर्वप्रथम गणेश वंदना, कृष्ण वंदना, शिव तांडव, झुमका गिरा रे, ऊंची ऊंची डोरी के… प्रस्तुति बेहद खास रही। आख्या, अनिका और मनीष सिंह ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। 

आरती शुक्ला के निर्देशन में अंचल समाजोस्तान सेवा समिति की सृष्टि ने गणेश वंदना, शालिनी, खुशी, अजीत, तनु, प्रिया ने सरगम की प्रस्तुति, शालिनी, खुशी, तनु, प्रिया ने राम सिया राम की प्रस्तुति, कृति ने ओ रंगरेज की प्रस्तुति, राहुल ने रिद्धि सिद्धि की प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया।

यूपी महोत्सव में आई क्यू संस्था द्वारा निशुल्क नेत्र की जांच, शुगर, ब्लड प्रेशर, थायराइड की जांच हेतु कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जांच करवाई। मद्रास चश्मे वाले के प्रोपराइटर एजाज ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को उनके संस्थान द्वारा गरीबों को निशुल्क आंख की जांच और चश्मे का वितरण किया जाता है।

यूपी महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर ड्रीम मैंगोज की फाउंडर डायरेक्टर दीपिका चतुर्वेदी द्वारा गौरव सम्मान आयोजित किया गया। जिसमें सम्मानित होने वालों में जितेंद्र मिश्रा, अपर्णा मिश्र, विशाल सिंह, रितेश, अजैश जैसवाल, रुचि, मृगेंद्र राज शामिल रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद आत्मा प्रकाश मिश्र (दूरदर्शन केंद्र लखनऊ के कार्यक्रम प्रमुख) का स्वागत दीपिका चतुर्वेदी ने शॉल और पुष्पगुच्छ देकर किया। श्री मिश्र द्वारा उपस्थित सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया।

यूपी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और एन. बी. सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। महोत्सव में प्रिया पाल ने सभी कलाकारों को सर्टिफिकेट दे कर सम्मान्तिन किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सक्सेना और हेमा खत्री ने किया।