Tuesday , September 17 2024

यूपी महोत्सव : नववर्ष पर उमड़ी भीड़, मोदी योगी संग फ़ोटो खिंचाने की मची होड़

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। कोई पीएम नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी खींच रहा था तो कोई सीएम योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ। पोस्टल ग्राउंड अलीगंज में चल रहे 16वें यूपी महोत्सव में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। नववर्ष पर महोत्सव में भीड़ देखकर ऐसा लग रहा था कि पूरा लखनऊ शहर उमड़ पड़ा हो। फन जोन हो, फ़ूड जोन हो या स्टॉल, हर तरफ सभी उम्र के लोग विशेष तौर से बच्चे दिखाई दे रहे थे। सभी ने फूड जोन स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया तो फन जोन झूलों में झूलों का आनंद लेते दिखे। वहीं खरीदारी में खूब रुचि दिखाई और जमकर खरीदारी की।

महोत्सव में सोमवार को नववर्ष का सेलिब्रेशन पूरे धूमधाम से मनाया गया। कवि सम्मेलन से शुरू होकर एक से एक बढ़कर गायन और नृत्य का कार्यक्रम देखने को मिला। सभी कलाकारों ने अपना सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस दिया और वहीं उमड़ी जनता ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का खूब आनंद लिया। दिन में कलम काव्य फाउंडेशन द्वारा युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें अतुल सक्सेना, रंगोली पंडित, अमन मिश्रा, अंकुर, सर्वेश पांडे, श्रेया द्विवेदी, अपूर्वा, वरुण शुक्ला, कौशल पांडे और धीरेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य कवियों ने पंक्तियों को सुनाकर खूब तालियां बटोरी।

ODOP को बढ़ावा देने में अहम भागीदारी निभा रहा है यूपी महोत्सव : अशोक बाजपेई

नौवीं सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद अशोक बाजपेई (राज्यसभा सांसद) ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने का प्रतीक पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर किया। राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना ODOP को जन जन तक पहुंचाने में महोत्सव अहम भूमिका निभा रहा है जो काफी सराहनीय है। इस महोत्सव में कई राज्यों और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से दुकानदार आते हैं और बहुत मेहनत करते हैं तथा कोशिश करते हैं कि अच्छी और उपयोगी वस्तु उचित दाम पर लोगों तक पहुंचा सके।

उन्होंने कहा कि यूपी महोत्सव में खाने पीने, बच्चों के मनोरंजन के अलावा परिवार के द्वारा उपयोगी सभी सामान बहुत उचित मूल्य पर उपलब्ध होती है। उत्तर प्रदेश सरकार जिस तरह से एक जिला एक उत्पाद को बढ़ावा दे रही है, निश्चित रूप से उसमें एक बड़ी भागीदारी यूपी महोत्सव के आयोजकों द्वारा भी की जा रही है। इस दौरान भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड के पार्षद मान सिंह यादव, भाजपा वार्ड अध्यक्ष अतुल मिश्रा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सांस्कृतिक संध्या में शालिनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में डैनमस डिजायर अकादमी की आनंदी, आशिमा, श्रव्या, आरोही, आराध्या, किंजल, वर्तिका, साक्षी, सौम्या, दिव्या, वैष्णवी और अदिति ने डांस की प्रस्तुति दी। वहीं सोलो डांस में टीना, अद्विक, इल्मा, गार्गी, नव्या, विदुषी ने अपनी डांस परफॉर्मेंस से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। यूपी महोत्सव में आज एक अद्भुत रंग देखने को मिला और वह था किड्स के द्वारा मॉडलिंग। मॉडलिंग रैंप वॉक हो या मॉडलिंग की कोई भी विधा हो, ऐसा लग रहा था कि बच्चे पूरी तरह से पारंगत है। किड्स मॉडलिंग में वान्या, नित्या, स्वास्तिक, तान्या, काव्यांजलि, सांवी श्रीवास्तव, मानस, प्रियांशी, रत्न्या और आरव ने अपनी मॉडलिंग से महोत्सव की शान को बढ़ाकर, हर किसी को अपनी तरफ ध्यान आकर्षित करने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सक्सेना और हेमा खत्री ने किया।