Saturday , July 27 2024

हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव : “मेरी बुलबुल से जो करे चुगली, उसकी बुलबुल…”

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कांशीराम स्मृति उपवन में माँ गायत्री जन सेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित 15 दिवसीय हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक मंच पर दूरदराज से आये कलाकारों ने नृत्य, गीत, संगीत एवं कविताओं की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया दिया। विंग फाउंडेशन के कलाकार अराध्या पांडेय ने “वो कृष्णा है…” पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं हास्य कवि देवेश बलरामपुरी की हास्य कविता “मेरी बुलबुल से जो करे चुगली उसकी बुलबुल फरार हो जाए” सुनाकर सभी को लोटपोट कर दिया। अजल फाउंडेशन के संयोजक सुनील मल्होत्रा द्वारा युवा कवि सम्मलेन का आयोजन किया गया। जिसमें अयोध्या से आये गीतकार निर्भय प्रताप सिंह ने “जन्मदिन पर मेरी राधा सुनो…” गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा गीतकार आलोक मिश्र, निखिल तिवारी, शायर सुनील मेहरोत्रा, गीतकार कुमार गौरव आदि कविगणों ने मंच से अपनी अपनी प्रस्तुतियां दी।

आरोही वेलफेयर फाउंडेशन की सचिव मोना चंद्रा ने अपनी टीम संग भारतीय संस्कृति को दर्शाते हुए प्रस्तुति दी। महोत्सव के दूसरी शाम कार्यक्रम के अंत में आयोजक अरुण प्रताप सिंह एवं गुंजन वर्मा ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये कलाकारों एवं कवियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण पर बल, विलुप्त हो रही लोककला एवं हस्तशिल्प कारीगरों, बुनकरो को बढ़ावा देना है और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना है। इस मौके पर आयोजन समिति के विनय दुबे, रनवीर सिंह समेत समीर शेख, हेमू चौरसिया, मनोज सिंह चौहान, सचिन गुप्ता, नीरज यादव भी उपस्थित रहे। मंच का संचालन प्रदीप शुक्ला, शिप्रा चंद्रा, विजय गुप्ता द्वारा किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की संचालिका गुंजन वर्मा ने बताया कि तीसरे दिन कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध अभिनेता आशिकी फिल्म स्टार राहुल राय मंच पर उपस्थित रहेंगे। वॉइलेंट ग्रुप द्वारा म्यूजिकल नाईट (रॉक बैंड) प्रस्तुति दी जाएगी।