Friday , September 20 2024

मीराबाई सम्मान से नवाजी जाएंगी डा. सरोजिनी सक्सेना समेत सात विभूतियां

 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मीराबाई जयन्ती पर शहर की प्रसिद्ध चिकित्सक एवं भजन गायिका डा. सरोजिनी सक्सेना समेत सात विभूतियां सम्मानित होंगी। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित मीराबाई सम्मानों की घोषणा बुधवार को लोक चौपाल की चौधरी संगीत विदुषी प्रो. कमला श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में की गई। यह सम्मान आगामी 29 अक्टूबर को निराला नगर के जेसी गेस्ट हाउस में मीराबाई जयन्ती पर आयोजित बसो मोरे नैनन में नंदलाल विषयक संगोष्ठी के दौरान दिये जायेंगे। जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. सूर्य प्रसाद दीक्षित का व्याख्यान भी होगा।

लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव सुधा द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2023 का मीराबाई लोक संगीत सम्मान वरिष्ठ लोक गायिका इन्दु सारस्वत, डा. सरोजिनी सक्सेना, रेखा अग्रवाल, आभा शुक्ला, सरिता अग्रवाल,  रश्मि उपाध्याय को तथा मीराबाई युवा संगीत साधक सम्मान अन्तरा भट्टाचार्य को दिया जाएगा। संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष मीराबाई जयंती पर दिया जाना वाला यह सम्मान पूर्व में पद्मा गिडवानी, विमल पन्त, शशिलेखा सिंह, दया चतुर्वेदी आदि को प्रदान किया जा चुका है।