Friday , September 20 2024

बैलूर मठ में विराजी मां दुर्गा, दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लक्ष्मण नगरी में दुर्गा पूजा की धूम है और जगह जगह सजे दुर्गा पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बने हैं। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सद्भावना सांस्कृतिक समिति की ओर से सहारा स्टेट, जानकीपुरम में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को षष्ठी पर मां दुर्गा की मूर्ति का ढाक की धुन के साथ अनावरण हुआ।

बेलूर मठ पर आधारित पंडाल में माँ का दरबार खुलते ही जुटे श्रद्धालुओं द्वारा मां के जयकारो से पंडाल गूंज उठा। इस मौके पर जहां झूले बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने हैं वहीं स्पेशल राजस्थानी फूड, चटोर लाल की चटपटी भेल पूरी, कुल्हड़ पिज्जा, चाइनीज फूड के स्टालो पर जुटे दर्शकों ने लजीज व्यंजनों का आनंद उठाया। वहीं सांस्कृतिक पंडाल में डायरेक्टर सत्यम श्रीवास्तव के निर्देशन में सुर संगम के कलाकारों ने धमाकेदार प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समिति के उपाध्यक्ष राम औतार पाण्डेय ने बताया कि पूजा पंडाल में रोजाना शाम को आठ बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को महासप्तमी पूजा के बाद मां के प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर आयोजक राम औतार पाण्डेय, अरविंद कुमार सिंह, सुनील श्रीवास्तव, विवेक शर्मा सहित काफी संख्या में भक्त मौजूद रहे।