Saturday , July 27 2024

राष्ट्रधर्म पत्रिका के पूर्व सम्पादक एवं विहिप के पूर्व प्रवक्ता वीरेश्वर द्विवेदी का निधन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रधर्म पत्रिका के पूर्व सम्पादक, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व केन्द्रीय मन्त्री एवं प्रवक्ता रहे वरिष्ठ प्रचारक वीरेश्वर द्विवेदी का सोमवार को सांय 5 बजे राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। 78 वर्षीय वीरेश्वर द्विवेदी विगत एक माह से अस्पताल में भर्ती थे। वह डीएवी कालेज उरई के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहे। 

 अशोक सिंहल की प्रेरणा से सन 1972 में दैनिक जागरण से पत्रकारिता की नौकरी छोड़कर वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक बने। उन्होंने प्रयाग महानगर के प्रचारक, विद्यार्थी परिषद के संगठन मन्त्री, राष्ट्रधर्म पत्रिका के सम्पादक, हिन्दू विश्व पत्रिका के सम्पादक, पथ-संकेत के सम्पादक, विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख एवं क्षेत्र प्रचारक प्रमुख आदि के दायित्व का निर्वहन किया। वर्तमान में वह कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के संयुक्त क्षेत्र प्रमुख का दायित्व निर्वहन कर रहे थे।

अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर “भारती भवन” राजेन्द्र नगर स्थित संघ कार्यालय रखा गया। जहां उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगलवार प्रात: 4 बजे पार्थिव शरीर उनके पैतृक गाँव- भाल (राजपुर) कानपुर ग्रामीण ले जाएगा, जहाँ उनका अन्तिम संस्कार किया जायेगा।