Saturday , July 27 2024

प्रदेश युवा कांग्रेस ने पीएम को भेजे पोस्ट कार्ड, पूछे ये सवाल

लखनऊ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के फ्रण्टल संगठनों द्वारा पोस्ट कार्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री से सवाल पूछे जा रहे हैं। पीएम को संबोधित पोस्ट कार्ड में युवा कांग्रेस ने लिखा “चूंकि हमारे निर्वाचित प्रतिनिधि संसद में ये प्रश्न नहीं पूछ सकते हैं, हम आपसे सीधे ये पूछ रहे हैं।”

1. अडानी ने अब तक बीजेपी को कितने करोड़ का फण्ड दिया है?

2. आपके आधिकारिक विदेशी दौरों के बाद अडानी को कितने ठेके मिले?

3. कृपया हमें भी वह सूत्र बताएं जिसकी बदौलत आपका प्रिय मित्र दुनिया में 609वें स्थान से 8 वर्षों में दूसरा सबसे धनी व्यक्ति बना?

पोस्ट कार्ड में यह भी लिखा गया है कि उस सांसद की ओर से, जो अब सांसद नहीं है। लेकिन एक मतदाता जो अभी भी है!

पूरे प्रदेश में पोस्ट कार्ड अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मंगलवार को लखनऊ में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय के नेतृत्व में पोस्ट कार्ड अभियान चलाया गया और जीपीओ (प्रधान डाकघर) में प्रधानमंत्री को पोस्ट कार्ड भेजा गया।

इस पोस्टकार्ड अभियान के मौके पर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय ने कहा कि आज जिस प्रकार संसद में सांसदों की आवाज को म्यूट कर दिया जा रहा है, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर दी गयी है। यह लोकतंत्र के लिए बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सभी कृत्य कानूनी नहीं बल्कि सियासी हैं। हम सभी अपने नेता राहुल गांधी जी के खिलाफ किए जा रहे अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक कृत्यों के खिलाफ सत्याग्रह करते रहेंगे और संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।

इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रदेश संगठन सह प्रभारी वर्चस्व पाण्डेय, प्रदेश महासचिव अंकित तिवारी, अवनीश शुक्ला, अजित सिंह, विवेक मिश्रा, प्रदेश सचिव मुकेश अवस्थी, पुनीत तिवारी, देवांश तिवारी, लखनऊ जिलाध्यक्ष दीपक पांडे, सैयद इमरान, जिला कमेटी के पदाधिकारी फरहान हसन, ख्वाजा शारिक, हिमांशु दुबे, संजय तिवारी, श्रीवर्धन, अभिषेक, संजय मिश्रा, अभय अवस्थी, चांद जिब्राइल आदि उपस्थित रहे।