लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फिक्की फ्लो लखनऊ ने मुकुल माधव फाउंडेशन के सहयोग से गोमती नगर स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 20 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत दिलाने के साथ उनकी शिक्षा में निरंतरता और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।
सिमरन साहनी ने बताया कि आवागमन की सुविधा के अभाव में कई छात्राओं को प्रतिदिन विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साइकिल मिलने से छात्राओं का स्कूल तक पहुंचना आसान होगा और उनके समय की भी बचत होगी। इससे उन्हें नियमित रूप से कक्षाओं में शामिल होने तथा अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिक्षा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। साइकिल वितरण की यह पहल छात्राओं को आवागमन की सुविधा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में भी सहायक होगी। शिक्षा के अवसरों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में फिक्की फ्लो लखनऊ की वाईस चेयरपर्सन निवेदिता सिंह, मुकुल माधव फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा लखनऊ पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज की निदेशक नेहा सिंह उपस्थित रही।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal