Wednesday , November 4 2026

दिव्यांगजनों को करियर प्रशिक्षण के साथ कराया लुलु मॉल का भ्रमण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जयति भारतम ने इनेबल इंडिया के सहयोग से तीन दिवसीय करियर अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन किया। जानकीपुरम स्थित आवासीय परिसर में आयोजित इस कार्यशाला में 40 दिव्यांगजनों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्हें करियर निर्माण, निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

जयति भारतम की चीफ फंक्शनरी डॉ. रेनू अग्निहोत्री ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इनेबल इंडिया के साथ यह साझेदारी दिव्यांग युवाओं को निजी क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार हासिल करने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में मददगार साबित होगी।

कार्यशाला में इनेबल इंडिया की ओर से आए प्रशिक्षकों दिनेश कुमार, आशीष कुमार, दक्षायिनी और नरेंद्र ने प्रतिभागियों को करियर परामर्श दिया। साथ ही कॉर्पोरेट सेक्टर की कार्यप्रणाली, रोजगार के अवसरों और कार्यस्थल की जरूरतों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यशाला के तहत प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव दिलाने के लिए लुलु मॉल का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान दिव्यांगजनों ने निजी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न जॉब रोल और कार्यप्रणाली को समझा। साथ ही यह जानकारी प्राप्त की कि कार्यस्थल पर सुगमता के साथ काम करने के लिए किन आवश्यक सुविधाओं और वर्कप्लेस सॉल्यूशंस की जरूरत होती है।

कार्यक्रम के अंत में संस्था की सचिव रंजना अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पहल को दिव्यांगजनों के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।