गोरखपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के DRM गौरव अग्रवाल ने अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) भुवनेश सिंह तथा शाखाधिरियों के साथ बुधवार को गोरखपुर स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन एवं अगामी त्यौहारी सीजन में अनुमानित यात्री घनत्व के अनुरुप व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी होल्डिंग एरिया 2 और 3, मल्टीलेवल पार्किंग, गेट नंबर 6 एवं गेट नंबर 1, प्लेटफार्म नंबर 1, 2 और 9, कैवे, वीआईपी एसी लाउन्ज प्रतीक्षालय, रेलवे सुरक्षा बल वार रूम, एकीकृत क्रू लॉबी तथा स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही निर्माणाधीन स्थाई होल्डिंग एरिया के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की।

मंडल रेल प्रबंधक ने होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता एवं सूचना प्रणाली की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मल्टीलेवल पार्किंग में वाहनों के सुगम आवागमन एवं पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वीआईपी एसी लाउन्ज प्रतीक्षालय एवं रेलवे सुरक्षा बल वार रूम के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। मण्डल नियंत्रक कक्ष/लखनऊ एवं गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे मॉनिटरिंग के लिए ‘वॉर रूम’ बनाया गया है। भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं की निगरानी और बेहतर रेलवे सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उपरोक्त स्थानों पर 24 घंटे शिफ्ट वार रेलवे अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मण्डल रेल प्रबंधक ने एकीकृत क्रू लॉबी में क्रू सदस्यों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन स्थाई होल्डिंग एरिया के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को भीड़ के समय बेहतर सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर (सा0), वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम), वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर (।), वरिष्ठ मण्डल परिचालन (सा0), वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर (ओपी), वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त, मुख्य इंजीनियर/निर्माण/वी/गोरखपुर, मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, स्टेशन निदेशक/गोरखपुर, सहायक मण्डल इंजीनियर/पश्चिम/गोरखपुर तथा अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal