लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले उत्तराखंड महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। नौ से 22 नवंबर तक 14 दिवसीय महोत्सव पं. गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन, बीरबल साहनी मार्ग स्थित गोमती तट पर आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि समापन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार शाम कुर्मांचल नगर स्थित मोहन सिंह बिष्ट सभागार में उत्तराखंड महापरिषद की समीक्षा बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ विभिन्न टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित इस महोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला, संगीत और खानपान की विविधता देखने को मिलेगी। महापरिषद का उद्देश्य पारंपरिक संस्कृति और कला रूपों का संरक्षण करने के साथ उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसके लिए महोत्सव में ‘नाचेगा भारत’, ‘झोड़ा प्रतियोगिता’, ‘वॉयस ऑफ उत्तराखंड’ और ‘डांस उत्तराखंड डांस’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस बार पुरुष झोड़ा प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण होगी। इन आयोजनों के माध्यम से लोक नृत्य और संगीत से जुड़े कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और व्यापक पहचान बनाने का अवसर मिल सके।
150 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी उत्तराखंड की झलक
महोत्सव स्थल पर 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें उत्तराखंड के जैविक उत्पादों, पारंपरिक वस्त्रों, हस्तनिर्मित वस्तुओं, बाल मिठाई और विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल शामिल होंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक जीवनशैली, स्थानीय उत्पादों और खानपान को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए महापरिषद ने विभिन्न समितियों और टीमों को उनके कार्यभार सौंपे हैं।
24 और 25 अक्टूबर को होगा क्रिकेट टूर्नामेंट
बैठक में स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट स्मृति टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों के मैचों का कार्यक्रम लॉटरी के माध्यम से तय किया गया। प्रतियोगिता के मुकाबले 24 और 25 अक्टूबर को जानकीपुरम स्थित सहारा स्टेट मैदान में सुबह सात बजे से शाम 5:30 बजे तक खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, उपाध्यक्ष महेश चंद्र सिंह रौतेला और पूरन सिंह जीना, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव महेंद्र सिंह गैलाकोटी, राजेंद्र सिंह कनवाल, खेल प्रभारी कैलाश सिंह, सचिव राजेश बिष्ट, पान सिंह, रमेश चंद्र सिंह अधिकारी, गंगा सिंह परिहार, अवधेश कोठारी, लाल सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, विजय बिष्ट मुन्ना, मोहन पंत, राजेश भट्ट, खेल प्रकोष्ठ के सलाहकार दीन दयाल जोशी, त्रिभुवन जोशी, पंकज खर्कवाल और सुनीता कनवाल सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal