लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंतनगर सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय विश्वास पंत और विशिष्ट अतिथि भवान सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंच पूजन के साथ बाल कलाकारों ने देवी आरती और श्रीरामचंद्र स्तुति प्रस्तुत की।
रामलीला के तीसरे दिन भरत का ननिहाल से लौटना, माता कैकेयी से संवाद और प्रतिज्ञा, शत्रुघ्न का मंथरा पर क्रोध, चित्रकूट गमन तथा श्रीराम का दंडकवन प्रस्थान प्रमुख प्रसंग रहे। इसके साथ ही शूर्पणखा का नासिका छेदन, खर-दूषण वध, मारीच का स्वर्ण मृग बनना और सीता हरण का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से भावनात्मक रूप से जोड़ा।

मंचन में श्रीराम की भूमिका इशाना जोशी, लक्ष्मण की कार्तिक रौतेला, सीता की कोमल पाण्डेय, भरत की पार्थ उप्रेती और शत्रुघ्न की जय उप्रेती ने निभाई। कैकेयी और शूर्पणखा की भूमिका ऋचा उप्रेती, मंथरा की अंशिका रस्तोगी, खर की प्रशान्त उप्रेती, दूषण की मानस नयाल, मारीच की कौशल पाण्डेय तथा जोगी रावण की भूमिका भुवन चन्द्र जोशी ने निभाई।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक मंडल के सदस्यों, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। समिति के अध्यक्ष उमेश चन्द्र सनवाल ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal