Saturday , October 17 2026

वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को मिला विमानन जगत को करीब से जानने का अवसर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एटीसी गिल्ड लखनऊ द्वारा इंटरनेशनल एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स डे के अवसर पर अपनी वार्षिक पहल के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरौली खलीलाबाद, जोन-3, नगर क्षेत्र लखनऊ के 24 वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अमौसी एयरपोर्ट का ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग, नागरिक उड्डयन विभाग, उत्तर प्रदेश, एरोनॉटिकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, एरिया कंट्रोल सेंटर तथा मौसम विभाग का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, हवाई यातायात नियंत्रण, विमान संचालन, विमानन प्रशिक्षण तथा मौसम संबंधी जानकारियों से अवगत कराया गया।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को विमानन क्षेत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनके ज्ञान का विस्तार करना तथा उन्हें विमानन क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना है। भ्रमण के सफल आयोजन में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इस अवसर पर आर. पी. सिंह (सहायक महाप्रबंधक, एटीसी), सुदर्शन यादव (सचिव, एटीसी गिल्ड लखनऊ), अन्य एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स, प्रमेन्द्र कुमार शुक्ला (खंड शिक्षा अधिकारी, जोन-3, लखनऊ) तथा विनोद कुमार चौरसिया सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एटीसी गिल्ड लखनऊ द्वारा प्रत्येक वर्ष इंटरनेशनल एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स डे के अवसर पर इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण को प्रायोजित किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों को विमानन क्षेत्र की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण को व्यापक बनाया जा सके।