Saturday , October 17 2026

वंचितों के अधिकारों की आवाज थे डॉ. सोनेलाल पटेल : डॉ. अतुल मलिकराम

इंदौर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आरबी सिंह पटेल के मार्गदर्शन में इंदौर स्थित राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. मलिकराम, प्रदेश प्रवक्ता रोहित चंदेल समेत उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सोनेलाल पटेल के जीवन, विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया गया। 

इस अवसर पर राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा, “यशःकायी डॉ. सोनेलाल पटेल का जीवन समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के उन वर्गों को आवाज देने का कार्य किया, जिन्हें लंबे समय तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया। उनके विचार और संघर्ष हमें यह प्रेरणा देते हैं कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और अधिकार मिलें। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।” 

उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता तथा समानता के मूल्यों को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर समाज के वंचित वर्गों के हितों के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां अपना दल (एस) के जिला अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।