लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाढ़ का पानी घटने के बाद भी प्रभावित परिवारों की मुश्किलें कम करने के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा की नारंगी टीम लगातार राहत और सेवा कार्यों में जुटी है। शनिवार को अभियान के 15वें दिन टीम ने डालीगंज के गुड़ियांपुरवा और फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी, पीली कॉलोनी, गणेश विहार तथा दुर्गापुरी कॉलोनी में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री और पेयजल वितरित किया। इसके साथ ही बाढ़ के बाद उत्पन्न समस्याओं को दूर करने के लिए सफाई और पेयजल व्यवस्था बहाल कराने में भी सहयोग किया।

राहत अभियान के तहत जरूरतमंद परिवारों को दाल, चावल, आटा, रिफाइंड तेल, नमक सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं, स्वच्छ पेयजल की जरूरत को देखते हुए लोगों को पानी की बोतलें भी वितरित की गईं, ताकि बाढ़ के बाद प्रभावित परिवारों को दैनिक जरूरतें पूरी करने में राहत मिल सके।
समरसेबल ठीक कराने में किया सहयोग
राहत सामग्री वितरण के साथ नारंगी टीम ने बुनियादी सुविधाओं को बहाल कराने पर भी जोर दिया। दुर्गापुरी कॉलोनी और पीली कॉलोनी में खराब पड़े सरकारी समरसेबल को संबंधित कर्मचारियों की मदद से ठीक कराने में सहयोग किया गया। इससे स्थानीय लोगों को पेयजल व्यवस्था सुचारु करने में मदद मिली।

वहीं, बाढ़ के बाद प्रभावित इलाकों में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से टीम के सदस्यों ने नगर निगम कर्मचारियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने में सहयोग किया। जलभराव के बाद गंदगी और अन्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

डॉ. नीरज बोरा की नारंगी टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचा रही है। टीम का प्रयास केवल राहत सामग्री वितरित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रभावित इलाकों में पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बहाल कराने में भी सहयोग किया जा रहा है। पानी घटने के बाद भी जारी यह अभियान प्रभावित परिवारों को सामान्य जनजीवन की ओर लौटने में मदद पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राहत एवं सेवा अभियान में सतीश वर्मा, प्रदीप शुक्ला, लवकेश सिंह, अनिल मिश्रा, मयंक मिश्रा, गौरव अवस्थी, शैलेंद्र सरकार सहित नारंगी टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal