Saturday , October 17 2026

24 दिग्गज सिंगर्स के साथ लौट रहा ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 24 आवाज़ें, जिन्हें दर्शकों ने इंडियन आइडल के मंच पर खोजा और भरपूर प्यार दिया, अब एक नई चुनौती के लिए एक ही मंच पर साथ आ रही हैं। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न (SET) और सोनी लिव प्रस्तुत कर रहे हैं इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न, जो अलग-अलग सीज़न्स के चर्चित सिंगर्स को 12 प्रतिस्पर्धी जोड़ियों के रूप में एक साथ लेकर आ रहा है। फ्रेमैन्टल द्वारा निर्मित यह शो 17 अक्टूबर से शुरू होगा और हर शनिवार और रविवार रात 8:00 बजे प्रसारित होगा।

सुपरस्टार जज के रूप में हिमेश रेशमिया की वापसी हो रही है, जबकि आदित्य नारायण होस्ट की भूमिका निभाएंगे। शो में एक नया आयाम जोड़ते हुए, सिंगर्स का मूल्यांकन न सिर्फ हिमेश करेंगे, बल्कि उनके साथी प्रतियोगी भी करेंगे। इससे जजिंग प्रोसेस में अलग-अलग म्यूज़िकल नज़रिए जुड़ेंगे और एक-दूसरे के खिलाफ कॉम्पिटिशन का रोमांच भी और बढ़ेगा।

अभिजीत सावंत, अमित साना, सलमान अली, सायली कांबले और अन्य सिंगर्स से सजा यह सीज़न दर्शकों को अपनी पसंदीदा आवाज़ों से दोबारा जुड़ने और नई म्यूज़िकल पार्टनरशिप्स को खोजने का अवसर देता है। हर जोड़ी को अपनी अलग लय तलाशनी होगी, बेहतरीन केमिस्ट्री बनानी होगी और ऐसी परफॉर्मेंसेज़ देनी होंगी, जो अनुभवी प्रतियोगियों के बीच उन्हें सबसे अलग पहचान दिला सकें।

“सिर्फ एक बार जीतना काफी नहीं होता, बार-बार जीतना पड़ता है” इस सोच के साथ तैयार किया गया ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ 12 जोड़ियों के सामने एक बार फिर दर्शकों का प्यार और समर्थन जीतने की चुनौती रखता है। उनकी पिछली परफॉर्मेंसेज़ ने भले ही उन्हें दर्शकों का पसंदीदा बनाया हो, लेकिन नई जोड़ियां और नया कॉम्पिटिशन उनकी वर्सेटिलिटी, टीमवर्क और म्यूज़िकल समझ की असली परीक्षा लेने वाला है।

सिंगर एंड कंपोजर, हिमेश रेशमिया ने कहा, “सिर्फ एक बार जीतना काफी नहीं होता, बार-बार जीतना पड़ता है। और यही बात इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न को इतना रोमांचक बनाती है। यह उन कलाकारों को एक साथ लाता है। जिन्होंने पहले ही अपनी प्रतिभा साबित की है और संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है, लेकिन अब उन्हें एक बार फिर इस चुनौती का सामना करना होगा। नए कॉम्पिटिटिव फॉर्मेट के साथ, हर परफॉर्मेंस सीमाओं को आगे बढ़ाने, दिल जीतने और अपनी काबिलियत को दोबारा साबित करने का एक अवसर बन जाती है। यह सीज़न सिर्फ उन आवाज़ों का जश्न मनाने के बारे में नहीं है, जिन्होंने इंडियन आइडल की विरासत को आकार दिया है, बल्कि उनकी जीतने की लगन और एक बार फिर हम सभी को चौंका देने की उनकी क्षमता को देखने के बारे में भी है।”

हर्ष शेठ (बिज़नेस हेड, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न) ने कहा, “इंडियन आइडल हमेशा से असाधारण आवाज़ों को पहचान देने और ऐसे पल बनाने का मंच रहा है, जो दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक बसे रहते हैं। इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न के साथ हम इस विरासत को एक बिल्कुल नए स्तर पर ले जा रहे हैं, जहां शो से उभरी कुछ सबसे आइकॉनिक आवाज़ें एक बार फिर सुर्खियों में लौट रही हैं, इस बार एक ब्लॉकबस्टर सीज़न में कॉम्पिटिशन करने के लिए। यह सीज़न इन चहेती आवाज़ों से जुड़े नॉस्टैल्जिया और भावनात्मक जुड़ाव को एक नए कॉम्पिटिशन के रोमांच के साथ जोड़ता है। हिट मशीन हिमेश रेशमिया की जज के रूप में वापसी के साथ, हम इस शो में एक और मजबूत आकर्षण जोड़ रहे हैं, जो इंडियन आइडल की विरासत और उसके स्थायी फैनबेस दोनों का जश्न मनाता है। हमारा मानना है कि आइकॉनिक टैलेंट, जबरदस्त कॉम्पिटिशन और स्टार पावर का यह अनोखा मेल इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न को अब तक का सबसे बड़ा सीज़न बनाएगा, जो शानदार म्यूज़िकल पल रचेगा और दर्शकों को जश्न मनाने के भरपूर मौके देगा।”

आराधना भोला (मैनेजिंग डायरेक्टर, फ्रेमैन्टल) ने कहा, “आइडल के आइकॉनिक फैनबेस की विरासत को पहली बार पूरी दुनिया में इस फॉर्मेट के इतिहास में डुएट परफॉर्मेंसेज़ की नई ताज़गी के साथ जोड़ते हुए, इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न अपनी अलग पहचान बना रहा है। नॉस्टैल्जिया, अनोखी म्यूज़िकल प्रस्तुतियां, शानदार परफॉर्मेंस केमिस्ट्री, कॉम्पिटिटिव जोश और नई प्रेरणा, यह सब कुछ एक साथ देखने को मिलेगा। हमेशा कुछ नया करने वाले जज हिमेश रेशमिया की वापसी और हर पल को रोचक बना देने वाले होस्ट आदित्य नारायण की मौजूदगी, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न के साथ फ्रेमैन्टल की इस प्रस्तुति को एक असाधारण सीज़न बनाती है। हमें उम्मीद है कि इसे दर्शकों का वही प्यार मिलता रहेगा, जो हमेशा से शो को मिलता आया है।”

फ्रेमैन्टल द्वारा निर्मित इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न में आइडल लीजेंड्स के बीच एक शानदार म्यूज़िकल मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां वे एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने और इस प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।