लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” के तहत विशाल एवं नयनाभिराम रंगोली का निर्माण किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० मंजुला उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान की नोडल अधिकारी व शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्षा प्रो० सीमा पाण्डेय व सेवा संकल्प अभियान की संयोजिका डॉ. सुनीता सिंह के कुशल मार्गदर्शन में छात्राओं ने अद्वितीय ऊर्जा, समर्पण और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्राकृतिक फूलों और सतरंगी रंगों के संगम से एक भव्य रंगोली का निर्माण किया।

छात्राओं द्वारा निर्मित इस विशाल रंगोली में सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय चेतना को अत्यंत कलात्मक रूप में उकेरा गया। इसमें खुशहाल परिवार, नशा मुक्ति अभियान, उज्ज्वल भविष्य, नारी शक्ति, नशे से मुक्ति, नशे से आज़ादी, सजग भारत, खेलो भारत-नशा मुक्त भारत, “नशे को ना” तथा केंद्र व राज्य सरकार की ‘विकसित भारत’ संकल्पना से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को रंगों और फूलों की विविध छटाओं के माध्यम से सजीव रूप दिया गया। रंगोली के प्रत्येक हिस्से ने युवाओं और समाज को व्यसनों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित व सक्रिय जीवनशैली अपनाने का सशक्त संदेश दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं की अथक मेहनत, सृजनात्मक सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा अपनी रचनात्मक कला के माध्यम से नशा मुक्ति और विकसित भारत के संकल्प को इस प्रकार जीवंत करना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी प्रयास है। इस अवसर पर महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य मेज़र डॉ. मनमीत कौर सोढ़ी, प्रवक्तागण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उपस्थित होकर रंगोली का अवलोकन किया तथा छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal