लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेक्टर-9 विकास नगर स्थित दुर्गा पूजा पार्क में 27वें शाश्वत दुर्गा पूजा महोत्सव में ‘जखोन जागे महाशक्ति’ (जब जागे महाशक्ति) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप, नारी सशक्तीकरण और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का संदेश दिया गया। बंगाल की पारंपरिक दुर्गा पूजा की छटा और महाशक्ति की आराधना ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।



शाश्वत दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव में इस वर्ष कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर मंदिर से प्रेरित भव्य पंडाल बनाया गया है। पंडाल में बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक दुर्गा पूजा की झलक देखने को मिल रही है। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता से जोड़ने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।


‘जखोन जागे महाशक्ति’ कार्यक्रम का मुख्य संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली शक्ति को जागृत करना रहा। मां दुर्गा के स्वरूप के माध्यम से यह बताया गया कि महाशक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साहस, आत्मविश्वास, नारी सम्मान और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा भी देती हैं। कार्यक्रम ने नारी सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में महिलाओं के सम्मान और उनकी शक्ति को पहचानने का संदेश दिया।


महोत्सव का आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिमेष मुखर्जी, सचिव सुमीत भौमिक और उपाध्यक्ष लिपिका चटर्जी सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal