लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शिक्षा, संस्कार और सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए विद्या भारती ने विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाने की दिशा में एक और पहल की है। इसी क्रम में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-क्यू, अलीगंज में भाऊराव देवरस कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण देकर उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।
विद्या भारती के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संभाग निरीक्षक गोपाल राम मिश्र, कोषाध्यक्ष के.आर. कनोजिया और विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह उपस्थित रहे। मां सरस्वती और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया गया। अतिथियों ने विद्यालय की एआई लैब का भी निरीक्षण किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने कौशल विकास केंद्र की शुरुआत को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया। विद्या भारती ने अपने विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम संचालित करने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न हुनर और व्यावहारिक कौशल सीखने के अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ मालवीय ने ध्यान और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रार्थना और वंदना करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भारतीय संस्कृति, परंपराओं और अपनी पहचान पर गर्व करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और जीवनोपयोगी कौशल विकसित करना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान रायबरेली में आयोजित क्षेत्रीय विज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। उपलब्धि हासिल करने वाले भैया-बहनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
भाऊराव देवरस कौशल विकास केंद्र की स्थापना को विद्यार्थियों को नई तकनीकों और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से शिक्षा, संस्कार और कौशल के समन्वय पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal