Friday , October 16 2026

जॉन्स हॉपकिंस और IIHMR यूनिवर्सिटी मिलकर तैयार करेंगे पब्लिक हेल्थ के विशेषज्ञ

जयपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जॉन्स हॉपकिंस ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ, बाल्टीमोर, अमेरिका ने IIHMR यूनिवर्सिटी, जयपुर के सहयोग से कोऑपरेटिव मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ (MPH) प्रोग्राम के 2026–2028 बैच की शुरुआत की। यह इस प्रोग्राम का 14वां बैच है। कार्यक्रम में जॉन्स हॉपकिंस ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में MPH प्रोग्राम की चेयर डॉ. मेघन डेविस ने उद्घाटन भाषण दिया। प्रोग्राम की पूर्व चेयर डॉ. मैरी डायनर-वेस्ट ने पब्लिक हेल्थ शिक्षा की बुनियाद और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।

IIHMR यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. पी.आर. सोडानी ने तथ्यों और रिसर्च पर आधारित पढ़ाई के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य के पब्लिक हेल्थ लीडर्स को तैयार करना जरूरी है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़ी जटिल चुनौतियों का सामना कर सकें। वहीं, यूनिवर्सिटी के डिस्टिंग्विश्ड प्रोफेसर डॉ. एस.डी. गुप्ता ने छात्रों को पब्लिक हेल्थ प्रैक्टिस, रिसर्च, पॉलिसी और हेल्थ सिस्टम के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। एसडी गुप्ता स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डीन-इन-चार्ज डॉ. विनोद कुमार एसवी ने स्वागत भाषण दिया।

जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी और IIHMR यूनिवर्सिटी के बीच यह सहयोग शैक्षणिक उत्कृष्टता और व्यावहारिक शिक्षा को एक साथ लाने का प्रयास है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य ऐसे पब्लिक हेल्थ प्रोफेशनल्स तैयार करना है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियों को समझते हुए रिसर्च, नीति निर्माण और हेल्थ सिस्टम को बेहतर बनाने में योगदान दे सकें।