Friday , October 16 2026

लखनऊ में 18-19 अक्टूबर को सजेगी ‘तरंग’ बॉलीवुड एवं डांडिया नाइट

वायलेंट द म्यूजिकल बैंड और इंडियन आइडल फेम कुलदीप की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी में संगीत, नृत्य और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का रंगारंग संगम देखने को मिलेगा। शिवांजना एंटरटेनमेंट्स एवं चंद्रलोक वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 18 एवं 19 अक्टूबर 2026 को अलीगंज स्थित चंद्रलोक पार्क, सेक्टर-ई में दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘तरंग – बॉलीवुड एवं डांडिया नाइट’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड संगीत, डांडिया, गरबा और मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

शिवांजना एंटरटेनमेंट्स के संचालक राजीव रंजन सिंह के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध वायलेंट द म्यूजिकल बैंड होगा। अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में बैंड के कलाकार अपनी शानदार संगीत प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इसके अलावा इंडियन आइडल फेम गायक कुलदीप और प्रतिभाशाली गायिका दिव्यांशी अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरेंगे। बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ ऊर्जावान डांडिया और गरबा नृत्य कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भरेंगे।

आयोजकों ने बताया कि ‘तरंग’ में संगीत और नृत्य के साथ खानपान एवं मनोरंजन की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आकर्षक गतिविधियों और मनोरंजन के कई विकल्प उपलब्ध रहेंगे, जिससे परिवार और मित्रों के साथ आने वाले लोग उत्सव का आनंद ले सकेंगे। रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत की धुनों और पारंपरिक डांडिया-गरबा के बीच आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

इस दो दिवसीय उत्सव में लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देने के साथ ही लोगों को एक साझा मंच पर जोड़ते हैं। साथ ही स्थानीय कलाकारों, व्यापारियों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा, कला एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है।