लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी मराठी के ‘कोण होणार करोडपती’ के आने वाले एपिसोड में यामी गौतम और आदिनाथ कोठारे अपनी नई फिल्म ‘नयी नवेली’ के प्रमोशन के लिए माधुरी दीक्षित के सामने हॉट सीट पर बैठेंगे। खेल के साथ दिलचस्प बातचीत का सिलसिला भी चलेगा, जिसमें यामी बताएंगी कि माधुरी की फिल्मों ने प्यार को लेकर उनके सपनों को कैसे आकार दिया। इसी दौरान वह अपने पति और फिल्मकार आदित्य धर के बारे में एक मज़ेदार बात साझा करेंगी—पर्दे पर ड्रामे से भरपूर कहानियां रचने वाले आदित्य असल ज़िंदगी में बिल्कुल नॉन-ड्रामैटिक हैं!
माधुरी की फिल्मों में दिखाई गई प्रेम कहानियों को याद करते हुए यामी कहती हैं, “आपकी फिल्में देखकर हमें लगता था कि प्रेम कहानी हो तो ऐसी हो। हर लड़की ऐसे ही किसी लम्हे का सपना देखती है, जिसमें मन ही मन लगे—‘पलट, पलट!’ लेकिन असल ज़िंदगी में आदित्य और मुझमें एक बात एक जैसी है। हम दोनों ही बहुत कम खुलने वाले और बिल्कुल नॉन-ड्रामैटिक लोग हैं।”
इसके बाद बातचीत यामी और आदित्य की अपनी प्रेम कहानी की ओर मुड़ती है। यामी बताती हैं कि उनकी पहली मुलाकात ‘उरी’ के सेट पर हुई थी। आदित्य फिल्म का निर्देशन कर रहे थे और यामी उसमें अभिनय कर रही थीं। शूटिंग के दौरान दोनों के बीच ज़्यादा बातचीत नहीं हुई, लेकिन फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्हें आदित्य को बेहतर ढंग से जानने का मौका मिला। साथ में दिए गए इंटरव्यू में उनके जवाब सुनकर यामी को एहसास हुआ कि ज़िंदगी और परिवार को लेकर दोनों की सोच काफी मिलती है।
यामी बताती हैं, “हमारी पहली मुलाकात ‘उरी’ के सेट पर हुई थी। शूटिंग के दौरान हमारी ज़्यादा बातचीत नहीं हुई। लेकिन प्रमोशन के समय जब हम साथ इंटरव्यू देते थे, तो एक-दूसरे के जवाब भी सुनते थे। तभी मुझे लगा कि इनके उसूल और पारिवारिक संस्कार मेरे जैसे हैं। आदित्य की यही बात मुझे बहुत अच्छी लगी। सेट पर मैं पहले ही देख चुकी थी कि वह कैसे इंसान हैं, और ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं। वह कभी किसी पर गुस्सा नहीं करते थे, सबकी इज़्ज़त करते थे और अपने काम को लेकर बेहद जुनूनी थे। साथ ही, बहुत शांत और सुलझे हुए भी थे।”
इस पर माधुरी मुस्कुराते हुए कहती हैं, “बिल्कुल आपकी तरह।” अपनी सोच से मेल खाने वाला जीवनसाथी मिलने पर यामी कहती हैं, “ऐसा साथी मिलना बहुत बड़ी बात होती है। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि आदित्य मेरे पति हैं।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal