Thursday , October 15 2026

राजनाथ सिंह ने शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस, जयपाल सिंह का जाना कुशलक्षेम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह अपने तीन दिवसीय लखनऊ प्रवास के पहले दिन गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगतों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सबसे पहले द्वारिकापुरी कॉलोनी, महर्षि नगर पहुंचे। यहां उन्होंने सुनील तिवारी के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी तथा परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इसके बाद राजनाथ सिंह कुर्सी रोड स्थित वुडलैंड पैराडाइज फेज-2 पहुंचे, जहां उन्होंने रोहित सिंह के आवास पर शोकाकुल परिजनों से भेंट की। उन्होंने परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दुख की घड़ी में परिजनों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की।

अपने दौरे के क्रम में रक्षा मंत्री सर्वोदय नगर भी पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता जयपाल सिंह के आवास पर मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली। रक्षा मंत्री के इस दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी भी साथ रहे।