Thursday , October 15 2026

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे राजनाथ सिंह, राहत के साथ स्थायी समाधान का दिया भरोसा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गुरुवार को फैजुल्लागंज पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में केंद्र व प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि फैजुल्लागंज में बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पक्का पुल से आईआईएम तक बांध निर्माण की योजना तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में उनकी बातचीत हो चुकी है और बहुत जल्द बांध निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।

रक्षामंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी समस्या का समाधान चुटकी बजाते ही नहीं हो सकता। इसके लिए थोड़ा धैर्य रखना होगा। सरकार बाढ़ की समस्या से क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। बांध का निर्माण होने से फैजुल्लागंज के लोगों को बार-बार बाढ़ के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा और क्षेत्र में सुरक्षित जीवन की राह आसान होगी।

कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे

राजनाथ सिंह ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ की जानकारी मिलने के बाद से ही वह लगातार क्षेत्र के हालात पर नजर रख रहे थे। स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, उनकी टीम और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। उन्होंने डॉ. नीरज बोरा से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे। प्रत्येक परिवार की जरूरत को समझते हुए उसके अनुरूप मदद पहुंचाई जाए, ताकि संकट के समय किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है, जिससे प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों की मदद और सेवा के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

जनता की मदद करना हमारा फर्ज

रक्षामंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि फैजुल्लागंज के लोगों की सहायता करना कोई एहसान नहीं, बल्कि उन सभी का फर्ज है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के रूप में जनता ने जनप्रतिनिधियों पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह यहां लोगों को यह भरोसा दिलाने आए हैं कि इस कठिन समय में वे अकेले नहीं हैं। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

राहत सामग्री वितरण के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इम्तियाज (दाउदनगर), संगीता देवी (कच्ची ढाल), शहीद अहमद (लोहरा मऊ), शिवरानी, शांति देवी, नेहा तिवारी (मिश्रा तिराहा), गंगापति (कच्ची ढाल), स्नेहा यादव (दुर्गापुरी कॉलोनी), राजेश पांडेय (अटल चौराहा) और कुसुम कश्यप सहित प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

बांध बनने से मिलेगी बार-बार की बाढ़ से राहत : ब्रजेश पाठक

कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि फैजुल्लागंज में बांध का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को बार-बार बाढ़ जैसे हालात का सामना करने से राहत मिलेगी। इससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा और लोगों को बाढ़ के खतरे से बड़ी राहत मिलेगी।

राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से बाढ़मुक्त होगा क्षेत्र : डॉ. नीरज बोरा

स्थानीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊवासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एक अभिभावक के रूप में उनके बीच मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन रक्षामंत्री को फैजुल्लागंज में बाढ़ की जानकारी मिली, उसी दिन से वह क्षेत्र की स्थिति को लेकर लगातार चिंतित थे और हालात पर नजर रखे हुए थे।

डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से फैजुल्लागंज को बाढ़ की समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। पक्का पुल से आईआईएम तक प्रस्तावित बांध का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

उन्होंने कहा कि वह और उनकी टीम बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। जरूरतमंदों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभावित नागरिकों तक राहत पहुंचाना, उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना और उन्हें सुरक्षित जीवन की ओर लौटने में सहयोग देना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा और सहायता का सिलसिला जारी रहेगा।

महानगर मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा और पवन सिंह चौहान, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, विधायक योगेश शुक्ला और ओपी श्रीवास्तव, रक्षामंत्री के ओएसडी केपी सिंह, प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, राघवेंद्र शुक्ला, श्याम किशोर दास, राम अवतार कनौजिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।