नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत बिहार की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था केसीएस फाउंडेशन ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर दुबई में YES AWARDS 2026 (यूथ एम्पावरमेंट एंड सर्विसेज अवॉर्ड्स) का आयोजन किया। समारोह में विभिन्न देशों और क्षेत्रों से चयनित 27 मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा, नेतृत्व, नवाचार और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन यूनेस्को द्वारा निर्धारित वर्ष 2026 की थीम “Literacy for People, the Planet and Prosperity” के अनुरूप किया गया। वक्ताओं ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार नागरिकता, सतत विकास और समावेशी समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और भविष्य के नेतृत्व के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
YES AWARDS 2026 के लिए विश्वभर से बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त हुए थे। प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के उपरांत 27 विद्यार्थियों का चयन किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, नेतृत्व क्षमता, नवोन्मेषी सोच, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा अपने समुदायों के लिए किए गए सतत और मापनीय योगदान के आधार पर सम्मानित किया गया।

समारोह का नेतृत्व डॉ. पंकज झा, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. मेनका शेखर और डॉ. संजीत झा ने किया। आयोजकों ने कहा कि केसीएस फाउंडेशन शिक्षा, साक्षरता, युवा सशक्तिकरण और सामुदायिक सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और YES AWARDS इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज़ कॉर्पोरेशन (NSIC) के कार्यकारी निदेशक (मध्य क्षेत्र) प्रभात कुमार झा तथा भारतीय महावाणिज्य दूतावास, दुबई के काउंसल (शिक्षा) पवित्र कुमार मजूमदार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और साक्षरता ही युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में सार्थक भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाती हैं।
इस अवसर पर बांके इंटरनेशनल के पोरुष झुनझुनवाला, डेलॉइट के भूपेश कौर एवं अनीशा जैसिंघानी, मानवता फाउंडेशन के अनिल झा, अल्ट्रिया ग्लोबल के सिद्धांत झुरानी तथा प्रेरक वक्ता अमर चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन और समन्वयन साइबर सुरक्षा अभियंता तन्निश गौतम, जुमेराह कॉलेज, दुबई की हेड ऑफ चैरिटी रिया सारा कॉर्नेल, हेड गर्ल सिडोनी मैरी मोरिन तथा छात्रा क्रिस्टन गैब्रिएला वैलेस ने किया। इनके प्रयासों से कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित, प्रभावशाली और सहभागितापूर्ण रहा।
इस आयोजन को कैलिफोर्निया रेजिडेंसेस, डेलॉइट तथा सेलेक्सIQ एजुकेशन सपोर्ट सर्विसेज, दुबई का सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजकों ने कहा कि शिक्षा और युवा विकास को आगे बढ़ाने में कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह के अंत में आयोजकों ने कहा कि YES AWARDS 2026 का उद्देश्य ऐसे युवा प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करना है, जिनकी उपलब्धियाँ यह प्रमाणित करती हैं कि शिक्षा, नेतृत्व, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से समाज में दीर्घकालिक एवं सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal