Friday , September 25 2026

DDU : दीनदयाल के अंत्योदय संदेश को किया साकार, प्राचार्या सहित 17 ने किया महादान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम् में पं. दीन दयाल उपाध्याय की जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के उपलक्ष्य में मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में लोकबन्धु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, आलमबाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) बृन्दालाल शर्मा (संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा), प्रो. (डॉ.) अश्वनी कुमार मिश्र (क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी) तथा राजाजीपुरम् के पूर्व पार्षद शिवपाल सावरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। 

तत्पश्चात् मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने फीता काटकर रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। लोकबन्धु चिकित्सालय के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा महाविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं बुनियादी रक्त जाँच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

मुख्य समारोह का शुभारम्भ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वन्दना एवं महाविद्यालय के कुलगीत से हुआ। सभागार में उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। समारोह का मंच संचालन प्रो. (डॉ.) रीता अग्निहोत्री ने किया, जिसमें डॉ. विशाल वर्मा ने सहयोग प्रदान किया। 

रक्तदान शिविर में कुल 17 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव ने स्वयं रक्तदान कर सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय संदेश दिया। उनके साथ महाविद्यालय के सात प्राध्यापकों, छात्राओं एवं बाह्य अतिथियों ने भी इस पुनीत कार्य में सहभागिता की। 

संयुक्त निदेशक प्रो. (डॉ.) बृन्दालाल शर्मा ने पं. दीन दयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के विचारों को रेखांकित करते हुए शिक्षा को मानवीय मूल्यों एवं सामाजिक चेतना के संवर्धन का सशक्त माध्यम बताया। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. (डॉ.) अश्वनी कुमार मिश्र ने उच्च शिक्षण संस्थानों की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित किया। पूर्व पार्षद शिवपाल सावरिया ने रक्तदान को मानवता की अनुपम सेवा बताते हुए जनसहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापिका प्रो. (डॉ.) प्रीति वाजप्ये द्वारा लिखित पुस्तक ‘Women in Modern India’ का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।

राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) मिशू सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया तथा ललित कला क्लब प्रभारी प्रो. (डॉ.) किरण सिंह ने महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की आख्या प्रस्तुत की। लोकबन्धु चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पी.सी. तिवारी ने रक्तदान एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्त्व पर प्रकाश डाला। डॉ. शालिनी तिवारी ने सर्वाइकल कैंसर के प्रारम्भिक लक्षणों, समय पर जाँच एवं निवारक उपायों के विषय में छात्राओं को जागरूक किया।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव ने कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं मानव सेवा के आदर्शों की सार्थकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी सेवाएँ पहुँचाने में निहित है। रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता जैसे आयोजन शिक्षण संस्थानों की सामाजिक प्रतिबद्धता के जीवंत उदाहरण हैं।

रेंजर्स की छात्राओं द्वारा विकसित भारत और उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन, एनएसएस प्रभारी डॉ. निशी मिश्रा, डॉ. विशाल वर्मा तथा ललित कला क्लब प्रभारी प्रो. (डॉ.) किरण सिंह एवं उनकी टीमों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों प्रो. (डॉ.) अखिलेश कुमार, प्रो. (डॉ.) प्रियंका शर्मा, डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल, प्रो. (डॉ.) शील धर दुबे, डॉ. विशाखा कमल, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. मोनिका द्विवेदी, डॉ. पूनम पाण्डेय, डॉ. साधना सिंह यादव एवं डॉ. सुमन सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कार्यालय के सहयोगियों ने सक्रिय सहभागिता एवं पूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रो. (डॉ.) सुरंगमा यादव ने समस्त अतिथियों, चिकित्सकों, प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जनकल्याणकारी शिविर में अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकों, छात्राओं एवं उनके परिजनों के साथ-साथ राजाजीपुरम् क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामुदायिक सहयोग की भावना से ओतप्रोत यह आयोजन पं. दीन दयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय एवं सेवा के आदर्शों की सार्थक अभिव्यक्ति बना।