लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा / टेलीस्कोप टुडे)। सीतापुर रोड स्थित Prominent मॉल शुक्रवार को उस वक्त भक्तिमय हो उठा, जब फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्टारकास्ट के पहुंचने की खबर मिलते ही फिल्म देखने और कलाकारों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। मॉल परिसर में मौजूद फैंस अपने पसंदीदा कलाकारों को करीब से देखने और उनसे मिलने के लिए बेताब नजर आए। जैसे ही फिल्म की स्टारकास्ट ने कार्यक्रम में एंट्री की, दर्शकों में उत्साह देखते ही बना। किसी ने मोबाइल कैमरे से कलाकारों की तस्वीरें खींचीं तो कोई उनकी एक झलक पाने के लिए आगे बढ़ता नजर आया।

स्टारकास्ट के मंच पर पहुंचते ही पूरा मॉल ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तिमय माहौल के बीच कलाकारों ने दर्शकों से संवाद किया और फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। युवाओं से लेकर परिवारों तक में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। फैंस की भीड़ और लगातार लग रहे जयकारों ने माहौल को किसी धार्मिक आयोजन जैसा बना दिया। फिल्म की स्टारकास्ट ने भी दर्शकों के उत्साह का अभिवादन करते हुए उनका आभार जताया। इस दौरान ‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों में खास उत्सुकता दिखाई दी।

बहुमंजिला इस माल में Prominent सिनेमा के 05 बेहद सुसज्जित व मार्डन म्युजिक सिस्टम से युक्त थियेटर दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर थिएटर का शुभारंभ फ़िल्म “हनुमान अंश” की स्क्रीनिंग से हुआ। पहले दिन ही फ़िल्म हाउसफुल रही और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के प्रमोशन के सिलसिले में पहुंचे फिल्म के स्टारकास्ट शोभिनव सत्या ने फिल्म से जुड़ने, भगवान हनुमान के प्रति अपनी आस्था और फिल्म में काम करने के अनुभव साझा किए।
फ़िल्म में नीम करौरी बाबा का किरदार निभा रहे शोभिनव सत्या ने बताया कि फिल्म से जुड़ने का अवसर उनके लिए महज एक काम नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ा अनुभव रहा। जब उन्हें फिल्म में काम करने का प्रस्ताव मिला तो उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे भगवान हनुमान ने स्वयं उनके सिर पर हाथ रख दिया हो। उन्होंने कहा कि फिल्म से जुड़ने के बाद से ही उनके मन में यह भावना रही कि यह अवसर उन्हें हनुमान जी की कृपा से मिला है।

उन्होंने बताया कि फिल्म से जुड़ने से पहले उन्हें असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम करने का अवसर मिला था। इसी दौरान उन्हें ‘हनुमान अंश’ से जुड़ने का प्रस्ताव मिला। उन्होंने कहा कि वह सीतापुर के आसपास के गांव से ताल्लुक रखते हैं और बाद में काम के सिलसिले में मुंबई भी गए। फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से खास अनुभव रहा।
शोभिनव सत्या ने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व या आध्यात्मिक विषय से जुड़ी फिल्म में केवल अभिनय कौशल ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि कलाकार को आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा की भी जरूरत होती है। उनके मुताबिक, उन्हें शुरू से ही हनुमान जी का आशीर्वाद महसूस होता रहा और यही भावना उन्हें फिल्म के प्रति समर्पित होकर काम करने के लिए प्रेरित करती रही।

उन्होंने फिल्म की टीम के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पूरी टीम ने उन्हें सहयोग दिया। फिल्म के निर्माण और प्रमोशन से जुड़े सहयोगियों का भी उन्होंने आभार जताया। फिल्म की प्रेरणा के संबंध में पूछे गए सवाल पर शोभिनव सत्या ने कहा कि हनुमान जी और भगवान श्रीराम की भक्ति फिल्म की मूल प्रेरणा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को पसंद करेंगे और इसे अपना आशीर्वाद देंगे।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान कलाकारों ने दर्शकों से फिल्म को देखने और अपना समर्थन देने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारे भी गूंजे, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।शोभिनव सत्या ने कहा कि फिल्म के सफल होने की कामना वह भगवान हनुमान से करते हैं और उन्हें विश्वास है कि हनुमान जी के आशीर्वाद से फिल्म दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाएगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal