लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सीतापुर रोड स्थित प्रॉमिनेंट मॉल शुक्रवार को आम जनता के लिए खोल दिया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बहुचर्चित फिल्म हनुमान अंश की स्क्रीनिंग के साथ यहां अत्याधुनिक पांच स्क्रीन वाले सिनेप्लेक्स प्रॉमिनेंट सिनेमाज का उद्घाटन हुआ।

उद्घाटन समारोह में फिल्म हनुमान अंश की टीम की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। इस दौरान पूरा मॉल परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। इस मौके पर भाजपा एमएलसी व एसआर ग्रुप के चेयरमैन पवन सिंह चौहान, पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक बाजपेई, केसरिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शहर में सिनेमा देखने के अनुभव को नया आयाम देने के उद्देश्य से विकसित किए गए प्रॉमिनेंट सिनेमाज में दर्शकों को आधुनिक साउंड सिस्टम, आरामदायक सीटिंग और बेहतरीन पिक्चर क्वालिटी की सुविधा मिलेगी। पांचों स्क्रीन पूरी तरह क्रियाशील हैं। इसके साथ ही दर्शकों के लिए खान-पान की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
फिलहाल प्रॉमिनेंट सिनेमाज में मिर्जापुर और हनुमान अंश की स्क्रीनिंग की जा रही है। दर्शक अपनी सुविधानुसार टिकटों की बुकिंग BookMyShow के माध्यम से कर सकते हैं।

प्रॉमिनेंट मॉल के पार्टनर एवं प्रबंधक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मॉल को ट्रांसगोमती क्षेत्र की बड़ी आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। अलीगंज, जानकीपुरम, विकास नगर, महानगर, इंदिरानगर, निरालानगर और बीकेटी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह प्रमुख शॉपिंग एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में मॉल में लुलु हाइपरमार्केट, रिलायंस डिजिटल समेत कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स के शोरूम भी शुरू किए जाएंगे। इससे यहां खरीदारी के साथ मनोरंजन और खान-पान की सुविधाओं का दायरा और व्यापक होगा।

अमित श्रीवास्तव के मुताबिक, इस क्षेत्र से कई किलोमीटर के दायरे में फिलहाल कोई बड़ा मनोरंजन स्थल नहीं होने के कारण प्रॉमिनेंट मॉल को आसपास के जिलों से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद है। हरदोई और सीतापुर सहित आसपास के जनपदों से आने वाले लोग भी यहां शॉपिंग, डाइनिंग और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे।
प्रॉमिनेंट मॉल के शुरू होने और पांच स्क्रीन वाले सिनेप्लेक्स के संचालन से सीतापुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में मनोरंजन एवं खरीदारी के विकल्पों का विस्तार हुआ है। आने वाले दिनों में नए ब्रांड्स और सुविधाओं के जुड़ने के साथ यह क्षेत्रीय स्तर पर एक प्रमुख शॉपिंग एवं एंटरटेनमेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal