अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब से मिलेगा डिजिटल संसाधनों का लाभ : असीम अरुण
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रदेश की बेटियों को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार लगातार नई पहल कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को लखनऊ के खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव हौसलों की उड़ान-2026 का आयोजन किया गया।

विज्ञान फाउंडेशन एवं महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा शक्ति’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण और विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार मिश्र ने गुब्बारे उडाकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 10 से अधिक महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। सांस्कृतिक क्लब ‘कलायनम’ द्वारा रंगोली, मेहंदी, फेस पेंटिंग व डिजिटल पोस्टर तथा खेल क्लब ‘क्रियायनम’ द्वारा चेस, कैरम, पंजा लड़ाना, रस्साकशी व कबड्डी का आयोजन किया गया।

बेटियों के आत्मविश्वास को मिल रहा सरकार का संबल
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने छात्राओं से संवाद कर उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों में प्रतिभा के साथ आत्मविश्वास भी भरपूर है। शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है। बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मजबूत माध्यम बन रही है। खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में संचालित अभ्युदय योजना के तहत अब तक 80 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हो चुका है। यह उपलब्धि योजना के प्रभाव और छात्राओं की मेहनत दोनों को दर्शाती है।

मंत्री असीम अरुण ने घोषणा की कि अभ्युदय कोचिंग को और प्रभावी बनाने के लिए कॉलेज में जल्द ही अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं छात्राओं को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, मॉक टेस्ट और डिजिटल रिसर्च जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। योगी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी संसाधन भी उपलब्ध हों, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर आत्मनिर्भर बन सकें।
इस मौके पर प्राचार्या डॉ. अंशु केडिया, विज्ञान फाउंडेशन से संजय प्रताप सिंह तथा प्रबंध समिति से निरंजन शर्मा भी उपस्थित रहे। संयोजक प्रो. चेतना सामंत तोमर (खेल) व विजेता दीक्षित (सांस्कृतिक) रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal