Tuesday , September 1 2026

UGC-NET में सफल हुए युवराज प्रताप सिंह, शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ाएंगे कदम

प्रतापगढ़ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जनपद के ग्राम सराय आना देव निवासी एडवोकेट राकेश प्रताप सिंह के पुत्र युवराज प्रताप सिंह ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा में अर्थशास्त्र विषय से सफलता प्राप्त कर परिवार, गांव एवं प्रतापगढ़ जनपद का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, गुरुजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने युवराज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

युवराज प्रताप सिंह की प्रारंभिक शिक्षा गांव स्थित राज बहादुर सिंह विद्यालय से हुई। इसके पश्चात उन्होंने कक्षा 9 से 12वीं तक की शिक्षा प्रभात एकेडमी, प्रतापगढ़ से प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया, जहां से उन्होंने अर्थशास्त्र विषय में स्नातक एवं परास्नातक की शिक्षा पूर्ण की। अध्ययन के दौरान वे विश्वविद्यालय के सर सुंदर लाल छात्रावास के अंतःवासी भी रहे।

वर्तमान में युवराज प्रताप सिंह अर्थशास्त्र विषय में पीएचडी शोधार्थी (PhD Scholar) के रूप में अकादमिक एवं शोध कार्यों से जुड़े हुए हैं। शोध कार्य के साथ-साथ UGC-NET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन, निरंतर अध्ययन एवं शैक्षणिक प्रतिभा का परिचायक है।

युवराज की इस उपलब्धि पर उनके पिता एडवोकेट राकेश प्रताप सिंह, परिवारजनों, विद्यालय एवं विश्वविद्यालय के गुरुजनों तथा शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवराज भविष्य में शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

परिजनों एवं शुभचिंतकों ने कहा कि युवराज प्रताप सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर न केवल परिवार एवं गांव का गौरव बढ़ाया है, बल्कि प्रतापगढ़ की शैक्षणिक उपलब्धियों में भी एक नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवराज आने वाले समय में शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।