Tuesday , September 1 2026

क्षेत्रीय विकास को रफ्तार देगा बैंक ऑफ बड़ौदा, 2,482 स्थानीय अधिकारियों की भर्ती

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नियमित आधार पर 2,482 स्थानीय बैंक अधिकारियों (क.वे.श्रे./सं । श्रेणी में) की नियुक्ति के लिए एक व्यापक भर्ती पहल की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान का उद्देश्य युवा बैंकिंग पेशेवरों के लिए सार्थक करियर अवसरों का सृजन करना, बैंक में स्थानीय प्रतिभा के आधार को सुदृढ़ बनाना तथा जमीनी स्तर पर ग्राहकों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने एवं आर्थिक गतिविधियों को सहयोग देने की बैंक की क्षमता को और अधिक सशक्त करना है।

इस भर्ती पहल में गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा सहित कई राज्य शामिल हैं। इस भर्ती की एक प्रमुख विशेषता यह है कि चयनित अधिकारियों को उनकी सेवा के प्रारम्भिक 12 वर्षों तक अथवा व. वे.श्रे./सं-IV श्रेणी में पदोन्नति होने तक, जो भी पहले हो, उसी राज्य में पदस्थ किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने आवेदन किया है। राज्य आधारित इस पदस्थापना व्यवस्था से बैंक ऑफ बड़ौदा को स्थानीय भाषा में दक्षता, स्थानीय संस्कृति की समझ और स्थानीय बाजारों की जानकारी रखने वाला कार्यबल तैयार करने में सहायता मिलेगी। इससे ग्राहक के साथ संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने, बैंकिंग सेवा वितरण को सुदृढ़ करने तथा संबंधित क्षेत्रों में ग्राहकों की बैंकिंग आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा करने में सहायता मिलेगी।

स्थानीय प्रतिभाओं को बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ, उनके करियर के प्रारंभिक वर्षों के एक महत्वपूर्ण हिस्से में अपने संबंधित राज्यों में सेवाएँ देते हुए इस पहल का उद्देश्य बैंक की विकास यात्रा को क्षेत्रीय विकास की प्राथमिकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाना भी है। इससे स्थानीय बाजारों में बैंक की उपस्थिति और सुदृढ़ होगी। देशभर में व्यापक उपस्थिति वाले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा समावेशी विकास, रोजगार सृजन और व्यापक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निरंतर निभा रहा है।

इस अवसर पर लाल सिंह (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ बड़ौदा) ने कहा, “यह भर्ती अभियान न केवल हमारे कार्यबल में, बल्कि उन समुदायों और अर्थव्यवस्थाओं में भी एक निवेश है, जिनकी हम सेवा करते हैं। स्थानीय परिवेश की गहरी समझ और स्थानीय भाषाओं में दक्ष युवा बैंकिंग पेशेवरों को शामिल करके हम विभिन्न बाजारों में ग्राहकों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाएँ प्रदान करने की अपनी क्षमता को सुदृढ़ कर रहे हैं। साथ ही, यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को अपने-अपने राज्यों के आर्थिक विकास में योगदान देते हुए एक सफल और संतोषजनक करियर बनाने के अवसर प्रदान करती है। यह पहल समावेशी विकास को बढ़ावा देने और स्थायी रोजगार के अवसर सृजन करने में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के रूप में हमारी व्यापक भूमिका के अनुरूप है।”