लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक संस्कृति शोध संस्थान की मासिक श्रृंखला दादी नानी की कहानी जीतेश की ज़ुबानी का 84वां आयोजन सोमवार को बीकेटी स्थित बेसिक विद्यालय कमलाबाद बढ़ौली में हुआ। स्टोरीमैन जीतेश श्रीवास्तव ने दर्जी की सीख कहानी के माध्यम से बच्चों को रिश्तों को तोड़ने के बजाय जोड़ने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मनोरंजक खेल से हुआ। कहानी में दर्जी द्वारा कैंची को नीचे और सुई को ऊपर रखने के माध्यम से समझाया गया कि तोड़ने वाले की जगह नीचे और जोड़ने वाले की जगह हमेशा ऊपर होती है। बच्चों ने कहानी के संदेश को उत्साहपूर्वक आत्मसात किया। अर्चना गुप्ता ने बच्चों को कविता सुनाई जिसे बच्चों ने दोहराया। वरिष्ठ गायिका आशा श्रीवास्तव ने प्रेरक पंक्तियों का सामूहिक गायन कराया।

इस अवसर पर संस्थान की सचिव सुधा द्विवेदी, लोक कथा प्रभारी शम्भू शरण वर्मा, समाजसेवी अवनीश कुमार सिंह, डा. एसके गोपाल, विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापक किरन त्रिवेदी, अंजुला चौधरी, एकता श्रीवास्तव, दिनेश यादव, ऊषा तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal