Tuesday , August 25 2026

सावन महोत्सव में दिया सास-बहू के मधुर रिश्तों का संदेश


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सावन महोत्सव एवं सास-बहू मिलन सप्ताह का भव्य समापन हर्षोल्लास और उमंग के साथ हुआ। समारोह में क्षेत्रीय बालिका शिक्षा संयोजिका निधि द्विवेदी, जनविकास महासभा के महामंत्री अजय यादव, सप्तशक्ति की अध्यक्ष अंजू बाजपेई सहित मातृ भारती के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समापन समारोह में विद्यालय की पूर्व छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। अभिभावकों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में सावन की संस्कृति, भारतीय परंपराओं और पारिवारिक सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली।

विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सास-बहू के मधुर संबंधों, आपसी प्रेम, सहयोग और पारिवारिक सौहार्द का संदेश दिया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानाचार्या सुधा तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, पूर्व छात्राओं एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह ने विद्यालय परिसर में उत्साह, संस्कार, संस्कृति और पारिवारिक प्रेम का संदेश दिया।