लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल जानकीपुरम में 19 से 25 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ‘सावन स्पेशल–सास-बहू मिलन सप्ताह’ का बुधवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम प्रधानाचार्या सुधा तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय बालिका शिक्षा संयोजिका निधि द्विवेदी सहित विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों एवं माताओं का आत्मीय स्वागत किया गया।


शिक्षिकाओं और छात्राओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माताओं का स्वागत करते हुए उनके माथे पर कुमकुम लगाया तथा पैरों में महावर और हाथों में मेहंदी सजाई। सावन की थीम को ध्यान में रखते हुए माताएं एवं दादियां हरे रंग की साड़ियों में कार्यक्रम में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान बेस्ट डांस, बेस्ट सास-बहू जोड़ी, सावन क्वीन और कैटवॉक जैसी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्साह और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न आकर्षक स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें चूड़ी, बिंदी, नेल पेंट और गजरा स्टॉल प्रमुख रहे। माताओं और अतिथियों ने इन स्टॉलों का आनंद लिया और सावन की पारंपरिक रंगत का अनुभव किया।

विद्यालय में आयोजित इस आयोजन के माध्यम से पारिवारिक सौहार्द, सास-बहू के आत्मीय रिश्ते, भारतीय संस्कृति और सावन की लोक परंपराओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal