Tuesday , August 18 2026

रामनगरी में जुटेंगे देशभर के रक्तवीर, महोत्सव में आलोक अग्रवाल को अहम जिम्मेदारी

बलरामपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में ‘ब्लडमैन’ के नाम से अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके बलरामपुर के आलोक अग्रवाल को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी 11 से 13 सितंबर 2026 तक प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित किए जा रहे चतुर्थ राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान समारोह में उन्हें आयोजन समिति के संरक्षक मंडल में शामिल करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास बात यह है कि आलोक अग्रवाल को इस राष्ट्रीय आयोजन में लगातार तीसरी बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो उनके निरंतर सेवा समर्पण और रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय योगदान का बड़ा सम्मान माना जा रहा है।

आलोक अग्रवाल ने बताया कि अयोध्या में होने वाले इस राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जनपदों से प्राप्त आवेदनों में से चयन समिति द्वारा अब तक 100 से अधिक रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों का चयन किया जा चुका है। वहीं देश के 20 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से भी 150 से अधिक रक्तवीरों एवं समाजसेवियों का चयन कार्यक्रम के लिए किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल रक्तदान को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि देशभर में स्वैच्छिक एवं नियमित रक्तदान की भावना को मजबूत करना, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सामाजिक सहभागिता बढ़ाना तथा रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों को एक राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित करना है। अयोध्या की पावन धरती पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव रक्तदान, सेवा और मानवता के संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस राष्ट्रीय आयोजन में बलरामपुर जनपद की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। जनपद के सक्रिय रक्तदानी वैभव त्रिपाठी को देवीपाटन मंडल संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त बलरामपुर से अविनाश कुमार पांडेय एवं रवि कुमार गुप्ता का भी आयोजन समिति द्वारा चयन किया गया है। कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सभी रक्तवीर स्वयं रक्तदान कर इस महाअभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। इस प्रकार बलरामपुर के रक्तदाताओं और समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी राष्ट्रीय मंच पर जनपद की सेवा भावना को नई पहचान देगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बलरामपुर के ब्लड बैंक की टीम भी विशेष रूप से अयोध्या पहुंचेगी। टीम डॉ. आकांक्षा शुक्ला एवं काउंसलर हिमांशु तिवारी के मार्गदर्शन में रक्त संग्रह की जिम्मेदारी निभाएगी। चिकित्सा टीम की सहभागिता से महोत्सव में होने वाले रक्त संग्रह को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

सभी चयनित रक्तदाताओं एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष आकाश गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय महोत्सव देशभर के रक्तवीरों, समाजसेवियों और सेवा संगठनों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को और अधिक मजबूत करेगा। ऐसे आयोजन मानव सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।

आलोक अग्रवाल को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय आयोजन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने, वैभव त्रिपाठी को देवीपाटन मंडल संयोजक बनाए जाने तथा अविनाश कुमार पांडेय एवं रवि कुमार गुप्ता के चयन पर जनपद के विभिन्न अधिकारियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अयोध्या में होने वाला यह महोत्सव निश्चित रूप से “रक्तदान—महादान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और मानवता की सेवा के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल साबित होगा।