Thursday , August 13 2026

लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षा का सख्त पहरा, पुलिस-CISF की संयुक्त टीम ने की चेकिंग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को सरोजनीनगर पुलिस एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की संयुक्त टीम ने डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) के साथ एयरपोर्ट परिसर में सघन सुरक्षा जांच की।

अभियान के दौरान यात्रियों के सामान, परिसर में मौजूद वस्तुओं और वाहनों की जांच की गई। सुरक्षा टीमों ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर किसी भी संदिग्ध या लावारिस वस्तु की भी पड़ताल की।

सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और इसकी सूचना तत्काल सुरक्षा कर्मियों को दें। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी। जांच अभियान के दौरान सरोजनीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति सहित पुलिस एवं CISF के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।