Thursday , August 13 2026

लाला लाजपत राय वार्ड : तिरंगा यात्रा में दिखी देशभक्ति, विधायक ने किया शुभारंभ


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लाला लाजपत राय वार्ड के पार्षद राघवराम तिवारी के नेतृत्व में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पार्षद कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने किया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग में देशभक्ति का उत्साह नजर आया।

तिरंगा यात्रा पार्षद कार्यालय से प्रारंभ होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर, कुर्सी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए टेढ़ी पुलिया चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

यात्रा में गुरुकुल, महावीर इंटर कॉलेज, उदय मांटेसरी स्कूल, एकता विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के हाथों में तिरंगा और चेहरों पर देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस दौरान लोक गायिका शीलू श्रीवास्तव ने ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’, ‘ऐ वतन तेरे लिए’ सहित कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों ने तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जोश और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर, पार्षद राघवराम तिवारी, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, वार्ड अध्यक्ष राम प्रसाद यादव, पूजा तिवारी, सतीश वर्मा, शीलू श्रीवास्तव, अमित, अशोक तिवारी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।