Wednesday , August 12 2026

स्टेशन से घर-दफ्तर तक पहुंचेगा मेट्रो का साथ, इलेक्ट्रिक फीडर सेवा शुरू

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ मेट्रो ने यात्रियों को मेट्रो स्टेशन से उनके गंतव्य तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को नई पहल की। UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने अमौसी मेट्रो स्टेशन से इलेक्ट्रिक फीडर वाहन सेवा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस सेवा की शुरुआत चार रूटों से की गई है, जिसके माध्यम से मेट्रो स्टेशनों को शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा। यात्रा की दूरी के अनुसार, किराया ₹15 से ₹50 के बीच रखा गया है और सेवा सुबह 6:00 बजे से रात 10:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

इलेक्ट्रिक फीडर वाहन सेवा के संचालित 4 रूट 

अमौसी मेट्रो स्टेशन → नादरगंज चौराहा, हैदरी चौराहा, ग्वारी, सरोजिनी नगर, स्कूटर इंडिया चौराहा, बंथरा

इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन → पॉलीटेक्निक चौराहा, अवध बस स्टैंड, हुसड़िया, इकाना स्टेडियम, अहमामऊ, लुलु मॉल,  उतरेटिया

इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन → पॉलीटेक्निक चौराहा, कमता, चिनहट तिराहा, मटियारी चौराहा, बीबीडी, तिवारीगंज, अनौरा कला अंडरपास

इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन → पॉलीटेक्निक चौराहा, वेव मॉल, आरएमएल, आईजीपी, कठौता चौराहा, तकवा चौराहा, डिवाइन हॉस्पिटल, दयाल, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, मंत्री आवास मार्ग, लोहिया पथ, फैजाबाद रोड, एचएएल

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों में SOS सुविधा, इन-व्हीकल कैमरा और GPS Tracking जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह सेवा Anjaneya PriEdge Private Limited के सहयोग से संचालित की जा रही है। 

इस अवसर पर UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, “लखनऊ मेट्रो यात्रियों को बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए पहले से रैपिडो, माई दीदी, उबर जैसी विशेष पहल संचालित कर रहा है। अब इलेक्ट्रिक फीडर सेवा के माध्यम से यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने और आगे अपने गंतव्य तक जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।”