लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) खरीफ 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र KCC धारक कृषकों के शत-प्रतिशत बीमा कवरेज तथा KCC संतृप्तिकरण अभियान को गति प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी), उत्तर प्रदेश द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं संयोजक, SLBC उत्तर प्रदेश) ने की। बैठक में संयुक्त निदेशक, कृषि सांख्यिकी विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, उप महाप्रबंधक, नाबार्ड, उप महाप्रबंधक, एसएलबीसी, सदस्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित बीमा कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि PMFBY खरीफ 2026 के अंतर्गत नामांकन 05 अगस्त 2026 से प्रारम्भ हो चुका है तथा प्रीमियम डेबिट की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए सदस्य बैंकों से नामांकन अभियान में तेजी लाने तथा प्रत्येक पात्र KCC धारक ऋणी कृषक का समयबद्ध रूप से फसल बीमा सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

महाप्रबंधक एवं संयोजक, एसएलबीसी, उत्तर प्रदेश शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बैंकों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए अंचल एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने का आग्रह किया। उन्होंने एसएमएस, पोस्टर, बैनर, पम्पलेट, सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग से व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि लक्ष्य केवल गत वर्ष की उपलब्धियों को पार करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र किसान को PMFBY के सुरक्षा कवच से आच्छादित करना होना चाहिए।
KCC संतृप्तिकरण अभियान को गति देने के लिए KRISHIKA App के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं उपयोग पर भी जोर दिया गया। बैंकों से शाखाओं, बैंक मित्रों एवं किसान जागरूकता शिविरों के माध्यम से किसानों को KCC आवेदन, सत्यापन एवं प्रगति की निगरानी हेतु उपलब्ध डिजिटल माध्यमों के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
बैठक के अंत में उपमहाप्रबंधक, एसएलबीसी ने सभी सदस्य बैंकों, कृषि विभाग एवं बीमा कंपनियों से आपसी समन्वय एवं सतत निगरानी के साथ PMFBY खरीफ 2026 के अधिकतम कवरेज तथा KCC संतृप्तिकरण के लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने का आह्वान किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal